Type Here to Get Search Results !

Chandigarh Breaking News : बिक्रम मजीठिया के खिलाफ विजिलेंस ने कसा शिकंजा


Chandigarh Breaking News , चंडीगढ़ : शिरोमणी अकाली दल के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री बिक्रमजीत सिंह मजीठिया आय से अधिक संपत्ति मामले में इन दिनों विजिलेंस के रिमांड पर हैं। मजीठिया की पेशी 2 जुलाई को होगी। उम्मीद जताई जा रही है कि 2 जुलाई को ही विजिलेंस मजीठिया पर केस दर्ज कर सकती है। इसी बीच विजिलेंस मजीठिया के करीबी रहे लोगों के बयान दर्ज कर रही है। इसी कड़ी में पूर्व डीजीपी सिद्धार्थ चट्टोपाध्याय और ईडी के पूर्व डिप्टी डायरेक्टर निरंजन सिंह के बाद अब पूर्व विधायक बोनी अजनाला तलबीर ने बयान दर्ज करवाए हैं। तलबीर मजीठिया के पीए रह चुके हैं।

ये बोले तलबीर अजनाला

बयान के बाद अजनाला ने कहा कि मैंने 2013 में तत्कालीन सीएम प्रकाश सिंह बादल को जो पत्र लिखा था, उसी के बारे में आज विजिलेंस को बताया है। मैं अब भी अपने उस स्टैंड पर कायम हूं। उन्होंने यह भी दावा किया कि मजीठिया ने उन्हें एक नशा तस्कर से अपने घर पर मिलवाया था और उसे अपना जिगरी यार कहा था। अजनाला ने कहा कि मैं तो 2013, 2014 और 2015 से लगातार सरकार से कह रहा था कि पंजाब को नशे से बचा लो और जांच करवाओ।

मजीठिया के खिलाफ और केस दर्ज करने की तैयारी

इस बीच मजीठिया के खिलाफ एक नया केस दर्ज करने की तैयारी भी शुरू हो गई है। जांच टीम ने आरोप लगाया है कि मजीठिया ने अधिकारियों को धमकाया, धक्कामुक्की की, सबूत मिटाने की साजिश रची, और अपने समर्थकों को हमले के लिए उकसाया। सूत्रों के अनुसार, विजिलेंस टीम को जानकारी थी कि मजीठिया के एक घर में केस से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज मौजूद हैं। लेकिन जानबूझकर तलाशी रोकने के लिए भीड़ को भड़काया गया और टीम पर हमला करवाया गया।

मजीठिया को अमृतसर उनके घर से किया गिरफ्तार

पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने बिक्रम सिंह मजीठिया को 2021 में दर्ज एनडीपीएस मामले से जुड़े आय से अधिक संपत्ति के केस में 25 जून को गिरफ्तार किया। इसके बाद मजीठिया को कड़ी सुरक्षा के बीच मोहाली अदालत में पेश किया गया। जब विजिलेंस ने मजीठिया को अरेस्ट किया तो उस समय मजीठिया से जुड़ी 26 जगह पर दबिश दी गई। इस दौरान मजीठिया के घर से 29 मोबाइल फोन, 5 लैपटॉप, 3 आईपैड, 2 डेस्कटॉप, 8 डायरियां और अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं। वहीं, विजिलेंस ने कहा कि मजीठिया ने अवैध तरीके से 540 करोड़ की संपत्ति बनाई है।


 

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.