Type Here to Get Search Results !

‘आप’ सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों पर कोर्ट ने लगाई रोक: सुनील जाखड़

 

– कहा: सरकार बिना देरी फिजूल खर्च बंद कर कर्मचारियों का डीए जारी करे

चंडीगढ़, 3 अगस्त: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने पंजाब के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों के डीए (महंगाई भत्ता) के बकाया के संबंध में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट द्वारा दिए गए ऐतिहासिक फैसले पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि इससे भगवंत मान सरकार द्वारा लंबे समय से रोके गए कर्मचारियों के अधिकार उन्हें मिलने का रास्ता साफ हो गया है।

इस संबंध में सोशल मीडिया पर साझा किए गए अपने संदेश में सुनील जाखड़ ने लिखा: “सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों के अधिकारों के पक्ष में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट द्वारा दिया गया ऐतिहासिक फैसला ‘आप’ सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों को उजागर करता है। इस फैसले से कर्मचारियों को उनका जायज़ हक मिलने का मार्ग प्रशस्त होगा।

बेहतर होगा कि भगवंत मान सरकार अपना कर्मचारी विरोधी रवैया छोड़कर बिना किसी देरी के अपनी फिजूलखर्ची पर रोक लगाए और कर्मचारियों के बकाया का तुरंत भुगतान करे।”

सुनील जाखड़ ने कहा कि भगवंत मान के नेतृत्व वाली ‘आप’ सरकार अपने गठन के समय से ही सरकारी खजाने का दुरुपयोग अपने राजनीतिक हितों के लिए करती आ रही है। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर कोई ठोस काम किए बिना यह सरकार केवल विज्ञापनबाजी के माध्यम से बड़े-बड़े दावे करती रही है, लेकिन अब पंजाब के लोग इस सरकार की वास्तविकता से भली-भांति परिचित हो चुके हैं।

उन्होंने आशा व्यक्त की कि अब सरकार और अधिक देरी किए बिना कर्मचारियों को उनका वैध अधिकार जल्द से जल्द प्रदान करेगी।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.