एक्ट्रेस-पॉलिटिशियन कंगना रनौत ने हाल ही में सीजेपी में शामिल कुछ प्रदर्शनकारियों को “गटर छाप” कहा था जिससे काफी विवाद हुआ . वहीं अब बच्चों के शक्तिमान मुकेश खन्ना ने एक वीडियो शेयर कर CJP पर गुस्सा निकाला है और कहा कि इससे पहले कि बहुत देर हो जाए, इन कॉकरोच को बाहर फेंक दो।
इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए एक वीडियो में मुकेश खन्ना ने कहा कि भले ही वह अभी भारत से बाहर हैं, लेकिन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए वह हर घटनाक्रम पर बारीकी से नजर रखे हुए हैं।
मुकेश खन्ना बोले, ‘इस वक्त मैं इंडिया से बाहर हूं, लेकिन रील्स, इंस्टाग्राम और यूट्यूब के जरिए मेरी नजर इंडिया पर बनी है। दो दिन पहले ही मैंने एक वीडियो डाली थी, जिसमें मैंने चिंता जताई थी कि अगर ये हमारे युवा हैं, अगर ये हमारी जेन ज़ी है, और अगर आने वाले 25 साल बाद हमारा देश इनके कंधों पर टिकने वाला है, तो आप समझ सकते हैं कि हमारे देश का क्या हाल है होगा। लेकिन जितना मैंने देखा है और जितने लोगों को इस मुद्दे पर बोलते हुए सुना है, उसने मुझे ये महसूस हुआ की ज्यादा लोग इस बात से सहमत हैं कि ये हमारे देश के असली छात्र नहीं हैं. ये वो छात्र नहीं हैं जो नीट या पेपर लीक की समस्या को लेकर आंदोलन कर रहे थे.’
उनको बुलाया गया था और बुलाने वाले ही अपराधी हैं. वो चंद लोग हैं, जो इन्हें आगे करके बंदूके चलवाते हैं, गालियां दिलवाते हैं.
CJP को फटकारते हुए मुकेश खन्ना बोले- सरकार को गिराने के बड़े-बड़े इरादे लेकर आए, प्रधानमंत्री के खिलाफ और उनकी मां-बहन को लेकर गालियां दिलवाते हैं और फिर रात को जाकर पार्टियां करते हैं. इनके चक्कर में स्टूडेंट्स मुश्किल झेल रहे हैं.
प्रदर्शनकारियों की तुलना ‘कॉकरोच’ से की
मुकेश ने आगे कहा, “मुझे लगता है कि ये वो लोग हैं, जो सच में कॉकरोच हैं. हम देखते हैं कि जब घर में कॉकरोच आ जाए तो हम उसे बाहर निकाल देते हैं, वैसे ही जो लोग कैमरा के सामने आकर इस तरह की गंदी भाषा का इस्तमाल कर रहे हैं, उन्हें भी हटा देना चाहिए और दूर कर देना चाहिए.”
एक्टर ने आगे कहा, “ मेरा मानना है कि ये असल मायने में नीट या छात्रों का आंदोलन नहीं था. ये एक स्पॉन्सर्ड आंदोलन था जिसमें बाहरी पैसा लगाया गया था. और ये लोग हमारे देश के स्टूडेंट्स का प्रतिनिधित्व नहीं करते क्योंकि एक स्टूडेंट कभी इस तरह की गंदी भाषा का इस्तमाल नहीं करेगा. मुझे लगता है कि ये लोग बिके हुए हैं, इसमें कुछ ऐसे लोग शामिल थे जो चंद पैसे के लिए देश को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं.”
मुकेश ने युवाओं को ऐसे आंदोलनों में शामिल होने के प्रति आगाह करते हुए कहा,” मैं उन बच्चों से भी कहना चाहता हूं कि शायद आपको अभी एहसास नहीं है कि आपने अपने कैमरे के सामने जो कुछ बोला है, या किया है उसका असर आपकी आने वाली जिंदगी पर पड़ सकता है. इन लोगों से दूर रहिए. ये लोग आपको सिर्फ इस्तमाल करेंगे और फिर छोड़ देंगे, वरना हर कदम पर आपको मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है, हो सकता है कल को नौकरी मिलने में दिक्कत आए या करियर पर बुरा असर पड़े. इसलिए अपने भविष्य के बारे में सोचिये और संभल कर फैसला लीजिये.”
इन कॉकरोचों को बाहर फेंक दो
मुकेश ने वीडियो के साथ कैप्शन मे लिखा है, “इन कॉकरोचों को बाहर फेंक दो, इससे पहले की बहुत देर हो जाए. उन्होंने आगे लिखा है, “घर में जब कॉक्रोचेस आ जाते हैं तो हम क्या करते हैं ?? उन्हें ढूंढ कर ,पकड़ कर, उठा कर बाहर फेंक आते हैं,इनके साथ भी ऐसा ही कीजिए. जो बच्चे इनके बहकावे में आकर जोश में बहुत ही गलत सलत बोल गए हैं, उनको मेरी चेतावनी है, तुम्हारा स्टेटमेंट हिस्ट्री में रिकॉर्ड हो गया है. तुम इनकी संगत में ख़ुद भी गंदी नाली के कीड़े बन गए हो. इसका ख़ामियाज़ा तुम्हें भुगतना पड़ेगा !!
मुकेश ने आगे लिखा है, “ कोई पुलिस तुम्हारी मदद नहीं करेगा. कई लोग तुम्हें नौकरी देने में हिचकिचायेंगे, सरकारी मदद बंद. शायद तुम्हें कई वीजा भी ना मिले !! परिवार की नजरों में तुम गिर चुके हो. इस लिए इनके चंगुल से जितना जल्दी निकल आओ अच्छा है, मुझे आपके लिए चिंता है.”
