चंडीगढ़ : प्रधानमंत्री द्वारा पंजाब के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के दौरे से पहले भाजपा नेतृत्व वाली केंद्र सरकार को ‘गहरी नींद’ से जागने का ढिंढोरा लगाते हुये हुए कैबिनेट मंत्री और आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री अमन अरोड़ा ने केंद्र से 20,000 करोड़ रुपये के राहत पैकेज की माँग की है। उन्होंने बाढ़ से बने हालातों को फ़ोटोग्राफ़ी का मौका समझने के लिए पंजाब भाजपा नेतृत्व और केंद्रीय मंत्रियों की कड़ी आलोचना की और श्री मोदी से अपील की कि इस प्राकृतिक आपदा से राज्य को उबारने के लिए कोई ठोस सहायता दी जाए। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मंगलवार को पंजाब के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के दौरे पर आ रहे हैं।
उन्होंने भारत की खाद्य सुरक्षा में पंजाब के महत्वपूर्ण योगदान को ध्यान में रखते हुए राज्य की बाढ़ प्रभावित अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए विशेष राहत पैकेज की आवश्यकता पर ज़ोर दिया।
केंद्र सरकार पर पंजाब के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए श्री अरोड़ा ने इस संकट के दौरान पंजाब भाजपा नेताओं की चुप्पी पर सवाल उठाए और सुझाव दिया कि ऐसे हालातों में इन नेताओं को फ़ोटो खिंचवाने के मौके ढूँढने की बजाय केंद्र सरकार से विशेष पैकेज हासिल करने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बने गंभीर हालातों में सुधार के लिए दिखावे की राजनीति नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई की आवश्यकता है।
श्री अमन अरोड़ा ने दोहराया कि आम आदमी पार्टी की अगुवाई वाली पंजाब सरकार राज्य की जनता के साथ मज़बूती से खड़ी है और इस प्राकृतिक आपदा से बने हालातों से प्रदेश को उबारने के लिए हर संभव कदम उठा रही है। प्रदेश की चुनौतियों के समाधान के लिए आवश्यक राहत और सहायता की ज़रूरत को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार राज्य को दरपेश समस्याओं के समाधान और पंजाब के हकों के लिए हर मंच पर आवाज़ उठाएगी।
