
जालंधर: बस्ती अड्डा चौक से फुटबाल चौक की तरफ जाती रोड पर स्थित कर्मा फैशन स्टूडियो के मालिक से विदेश बैठे गैंगस्टर डोनी बल ने 50 लाख रुपए की फिरौती मांगी है। पैसे न देने पर स्टूडियो मालिक को जान से मारने की धमकी दी गई। फोन आने के बाद तुरंत स्टूडियो मालिक ने डी.सी.पी. मनप्रीत सिंह ढिल्लो को सूचना दी, जिसके आधे घंटे के बाद ही स्टूडियो के बाहर पुलिस सिक्योरिटी तैनात कर दी गई। पहली बार शुक्रवार शाम के समय डोनी बल के छोटे भाई एकम ने फोन करके धमकाया लेकिन रविवार शाम 7.20 बजे दोबारा से एकम ने फोन करके 50 लाख रुपए की मांग की। हैरानी की बात है कि शहर में लगातार कारोबारियों को फिरौती के कॉल आ रहे हैं और फिर उनके ठिकानों पर फायरिंग भी कर दी दी जाती है। ऐसे में शहर का व्यापारी वर्ग दहशत में है।
50 लाख रुपए देने का मैसेज देने की बात कही और धमकाया
जानकारी के अनुसार 2 साल पहले भी कर्मा फैशन स्टूडियो के मालिक से लारेंस बिश्नोई के नाम से फिरौती मांगी गई थी। तब उनके स्टूडियो के बाहर धमकी भरे लैटर में गोली लपेट कर रखी गई थी लेकिन पुलिस ने मामला सुलझाते हुए आरोपी गिरफ्तार कर लिए थे, जिनका लारेंस के साथ कोई लिंक भी नहीं निकला था। शुक्रवार की शाम 6.18 बजे विदेश के नंबर से कर्मा फैशन स्टूडियो के मालिक शेखर को फोन आया लेकिन उन्होंने नहीं उठाया। बाद में उनकी मां के नंबर पर कॉल किया गया। शेखर की बुजुर्ग मां ने फोन उठाया लेकिन बात नहीं हो पाई जिसके बाद खुद को डोनी बल का छोटा भाई बताने वाले एकम नाम के व्यक्ति ने शोरूम के नंबर पर कॉल करके शेखर को 50 लाख रुपए देने का मैसेज देने की बात कही और धमकाया कि अगर पैसे नहीं दिए तो वह मालिक को मार देगा।
उसने इस बातचीत में चावला मोबाइल हाऊस का भी जिक्र किया। फोन काटने के बाद जैसे ही मामला स्टूडियो मालिक तक पहुंचा तो डी.सी.पी. मनप्रीत सिंह ढिल्लों को सूचना दी गई। आधे घंटे के बाद ही स्टूडियो के बाहर सुरक्षा कर्मी तैनात हो गए और पुलिस ने जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा एफ.आई.आर. नंबर 71 दर्ज कर ली है। इस तरह के फिरौती के कॉल आने के बाद से परिवार दहशत में है और बाहर निकला बंद कर दिया है। रविवार की शाम 7.20 बजे दोबारा शेखर कुमार की बुजुर्ग मां के नंबर पर कॉल करके एकम नाम के शक्स ने 50 लाख रुपए की फिरौती मांगी जिसके बाद उन्होंने फोन काट दिया और पुलिस के उच्च अधिकारियों को फिर से सूचना दी गई। बता दें कि इससे पहले किशनपुरा रोड पर बी.एम.एस. फैशन और फिर चावला मोबाइल हाऊस पर फायरिंग हो चुकी है। इन दोनों कारोबारियों को डोनी बल की तरफ से फिरौती के कॉल आए थे लेकिन उन्हें सुरक्षा नहीं दी गई थी। चावला मोबाइल हाऊस के मालिक ने तो खुद की सुरक्षा के लिए प्राइवेट गनमैन रखे थे क्योंकि पुलिस सुरक्षा देने के नाम पर उनके बार-बार थानों के चक्कर लगवा रही थी।
परिवार को डर कहीं पी.एम. मोदी के आने पर वापस न ले ली जाए सिक्योरिटी
उधर पीड़ित परिवार को यह भी डर है कि कुछ दिनों के बाद देश के पी.एम. मोदी जालंधर आ रहे हैं। ऐसे में उनकी सिक्योरिटी वापस न ले ली जाए। पीड़ित परिवार का कहना है कि इससे पहले भी शहर में ऐसे गोलीकांड हो चुके हैं जिसके कारण वह डर के साए में जी रहे हैं। अगर उनकी सुरक्षा के लिए कोई तैनात नहीं होगा तो उन्हें कभी भी निशाना बनाया जा सकता है। परिवार ने कहा कि उनका तो इतना काम भी नहीं है कि वह 50 लाख रुपए फिरौती के दे सकें।
डोनी बल ने रिकार्ड करके भेजे वॉयस मैसेज में कहा..
शेखर मं डोनी बोलदा बल। निक्के भरा ने कित्ता है बंदे दा पुत्त बन के 50 लाक्ख दे दे। भरावां वांग दे देगा ता चंगा रहेगा। रोला पवा के वी तू देने ई है। सलाह करके दे देगा ता ठीक नहीं ता नुकसान लई रेडी (तैयार) रहीं।
