Type Here to Get Search Results !

Himachal: कांग्रेस सरकार की ‘जन-विरोधी’ नीतियों के खिलाफ आंदोलन शुरू करेगी BJP, राजीव बिंदल बोले- लोग निराश…

 

Shimla News : भारतीय जनता पार्टी (BJP) की हिमाचल प्रदेश इकाई ने मंगलवार को कहा कि वह कांग्रेस सरकार की ‘जन-विरोधी’ नीतियों और ‘पूरे नहीं किए गए’ वादों के खिलाफ राज्यव्यापी आंदोलन शुरू करेगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी कांग्रेस सरकार के अब तक के कामकाज पर एक विस्तृत ‘आरोप पत्र’ भी जारी करेगी। उन्होंने बताया कि यह फैसला यहां भाजपा कोर समूह की बैठक में लिया गया।

‘लोग कांग्रेस सरकार से निराश’
बिंदल ने बताया कि बैठक में हिमाचल प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक हालात, हाल ही में हुए पंचायती राज और शहरी स्थानीय निकाय चुनावों, और पार्टी की भविष्य की संगठनात्मक और जन-संपर्क रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के मुताबिक कोर समूह ने पार्टी को भारी समर्थन देने के लिए जनता का आभार जताया। उन्होंने दावा किया कि चुनाव नतीजों ने साफ संदेश दिया है कि लोग कांग्रेस सरकार से निराश हैं और उन्होंने इसकी ‘जन-विरोधी’ और ‘हिमाचल-विरोधी’ नीतियों को नकार दिया है। भाजपा नेता ने कांग्रेस पर चुनाव प्रक्रिया में देरी करने और उसे प्रभावित करने की बार-बार कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के गृह जिले हमीरपुर में भी कांग्रेस का प्रदर्शन खराब रहा, जबकि भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को निर्णायक समर्थन मिला। बिंदल ने कहा कि भाजपा कोर समूह ने कांग्रेस सरकार की ‘जन-विरोधी’ नीतियों, ‘पूरे न किए गए’ वादों और प्रशासनिक ‘विफलताओं’ के खिलाफ राज्यव्यापी जन-आंदोलन शुरू करने का फैसला किया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, ”इस अभियान के तहत, पार्टी पिछले साढ़े तीन वर्षों में सरकार के कामकाज को उजागर करते हुए एक विस्तृत आरोप-पत्र तैयार करेगी और उसे राज्य की जनता के सामने पेश करेगी।” बिंदल ने राम मंदिर चढ़ावा ‘चोरी’ को लेकर कांग्रेस पर भी निशाना साधा और कहा कि अयोध्या में भगवान राम के जन्मस्थान पर मंदिर के निर्माण का विरोध करने का पार्टी का लंबा इतिहास रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं का हालिया राम मंदिर दौरा सच्ची आस्था के बजाय राजनीतिक मजबूरी को दर्शाता है।

 

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.