Type Here to Get Search Results !

पत्नी ने की बेवफाई तो हैवान बना सगा बाप: सोते बच्चों को करंट से तड़पा-तड़पाकर मारा, फिर खुद भी दे दी जान

 

नेशनल डेस्कः रिश्तों में बेवफाई और टूटते परिवारों का अंजाम कितना खौफनाक हो सकता है, इसकी एक रूह कंपा देने वाली वारदात तमिलनाडु के तूतूकुड़ी से सामने आई है। यहां सावेरियारपुरम इलाके में एक सिरफिरे और डिप्रेशन के शिकार पिता ने अपने ही दो मासूम बच्चों को मौत के घाट उतार दिया और फिर खुद भी आत्महत्या कर ली। जिस पिता पर बच्चों की हिफाजत का जिम्मा था, उसी ने रात के अंधेरे में मौत का ऐसा क्रूर खेल खेला कि पूरा इलाका सन्न रह गया।

सोते हुए बच्चों को बनाया मौत का शिकार
मृतक की पहचान 40 वर्षीय मैरी माइकल के रूप में हुई है, जो पेशे से एक ट्रक ड्राइवर था। जानकारी के अनुसार, माइकल की पत्नी उसे छोड़कर किसी और के साथ चली गई थी जिसकी कड़वाहट ने उसे इस कदर अंधा कर दिया कि उसने अपने ही जिगर के टुकड़ों 14 वर्षीय बेटी मैरी निरोशा (9वीं छात्रा) और 12 वर्षीय बेटे मैरी केनिस्टन (7वीं छात्र) की जान ले ली।

घटना शुक्रवार रात की है। माइकल हमेशा की तरह अपने बच्चों के लिए खाना लेकर घर आया और उन्हें बड़े प्यार से खाना खिलाकर सोने के लिए भेज दिया। जैसे ही बच्चे गहरी नींद में सो गए, माइकल ने बिजली के जिंदा नंगे तारों को दोनों बच्चों के शरीर से कसकर बांध दिया और उसका कनेक्शन सीधे बिजली के बोर्ड से कर दिया। करंट लगते ही दोनों मासूम तड़प-तड़प कर मौत की नींद सो गए, जिसके बाद माइकल ने भी उसी तार को अपने शरीर पर लपेटकर जान दे दी।

घर के बाहर सो रहे बुजुर्ग पिता को नहीं लगी भनक
इस रोंगटे खड़े कर देने वाले घटनाक्रम के दौरान माइकल के 75 वर्षीय पिता एंथनी मुथु घर के बाहर सो रहे थे, जिन्हें अंदर हो रही इस कयामत की भनक तक नहीं लगी। शनिवार दोपहर तक जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो बुजुर्ग पिता को अनहोनी की आशंका हुई। पड़ोसियों और पुदुकोट्टई पुलिस की मदद से जब दरवाजा तोड़ा गया, तो अंदर का नजारा देख पुलिसकर्मियों के भी होश उड़ गए। एक ही बेड पर पिता और उसके दोनों बच्चों की लाशें पड़ी थीं और उनके शरीरों पर बिजली के तार लिपटे हुए थे।

पुलिस ने शुरू की जांच
मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए तूतूकुड़ी सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है, लेकिन इस दर्दनाक अंत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

 

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.