Type Here to Get Search Results !

खुशियां मातम में बदलींः दो ट्रकों के बीच पिस गया पिकअप वाहन, शादी से लौट रहे 13 लोगों की मौत

 

International Desk: इंडोनेशिया के मुख्य द्वीप जावा में शादी समारोह से लौट रहे लोगों को ले जा रहा एक पिकअप ट्रक राजमार्ग पर दो ट्रकों के बीच दब गया, जिससे 13 लोगों की मौत हो गयी और पांच अन्य घायल हो गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। स्थानीय यातायात पुलिस प्रमुख उंडांग स्यारिफ हिदायत ने बताया कि यह दुर्घटना रविवार दोपहर इंद्रामायु रीजेंसी के कियाजारन कुलोन गांव के पास उत्तरी तटीय राजमार्ग पर हुई।

सभी लोग पड़ोसी परेआन गांव में एक शादी समारोह में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि सभी लोग एक खुले पिकअप ट्रक में सवार थे। राजमार्ग पर यू-टर्न लेने के लिए डिवाइडर के पास वाहन की रफ्तार धीमी हुई और वह रुक गया। तभी पीछे से उसी दिशा में आ रहे एक ट्रक ने पिकअप ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी। हिदायत ने कहा, ”टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप ट्रक सामने वाली लेन में जा पहुंचा, जहां विपरीत दिशा से आ रहे एक अन्य ट्रक ने उसे फिर टक्कर मार दी।
इस भीषण टक्कर के कारण पिकअप में सवार 12 से अधिक लोग सड़क पर जा गिरे।” पुलिस के अनुसार, हादसे में घायल पांच लोगों का अस्पताल में इलाज हो रहा है। इनमें कुछ को मामूली जबकि कुछ को गंभीर चोटें आई हैं। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। इंडोनेशिया में सड़क दुर्घटनाएं आम हैं जहां अधिक भार वाले वाहन, सड़क सुरक्षा के अपर्याप्त इंतजाम और यातायात नियमों का सही ढंग से पालन न किया जाना अक्सर ऐसे घातक हादसों का कारण बनता है।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.