Type Here to Get Search Results !

Punjab News : सरकार से लोगों को न्याय की उम्मीद : कटारूचक


Punjab News , चंडीगढ़। शिअद नेता बिक्रम जीत सिंह मजीठिया की गिरफ्तारी के बाद प्रदेश की सियासत एकदम गर्मा गई है। शिअद जहां इस गिरफ्तारी को चुनौती दे रहा है वहीं आप नेता शिअद पर निशाना साध रहे हैं। इसी कड़ी में मजीठिया की गिरफ्तारी पर आम आदमी पार्टी के नेता और कैबिनेट मंत्री लालचंद कटारुचक ने कहा कि आज नशे से पीड़ित हजारों परिवारों में न्याय की एक उम्मीद जगी है।

कटारूचक ने कहा कि आप सरकार ने पंजाब से नशे को जड़ से खत्म करने के लिए ‘युद्ध नशे विरुद्ध’ अभियान चलाया है। हम हर हाल में नशा और नशा तस्करों को खत्म कर के रहेंगे। नशा फैलाने वाले लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वे कितने भी बड़े व्यक्ति या राजनेता हों। कटारूचक ने इस मुद्दे पर आप प्रवक्ता नील गर्ग और रंजीत पाल सिंह के साथ पार्टी कार्यालय चंडीगढ़ में एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित किया।

पंजाब को नशा शिअद और भाजपा की देन

उन्होंने कहा कि मजीठिया की गिरफ्तारी नशे के खिलाफ आम आदमी पार्टी और मुख्यमंत्री भगवंत मान की राजनीतिक इच्छाशक्ति को दर्शाती है। आज का दिन इतिहास में लिखा जाएगा। इतिहास में दर्ज होगा कि अकाली-भाजपा सरकार पंजाब में नशा लेकर आई, वहीं मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी की सरकार ने नशे को जड़ से खत्म किया। कटारूचक ने कहा कि 2007 से पहले पंजाब के लोग चिट्टा का नाम तक नहीं जानते थे। बादल सरकार के दौरान ही यह नशा पंजाब में आया और हजारों युवाओं को बर्बाद किया।

चिट्टा ने हजारों मां-बाप से उनकी संतान छीन ली और हजारों बच्चों को अनाथ कर दिया। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी मात्रा में यह नशा इसलिए फैल सका क्योंकि अकाली-भाजपा सरकार के विधायकों और मंत्रियों ने नशा तस्करों को राजनीतिक संरक्षण दिया और उनके साथ मिलकर इस कारोबार को आगे बढ़ाया। उन्होंने ही बड़े बड़े तस्करों को बचाया और अपने राजनीतिक फायदे के लिए उनके साथ समझौता किया।


 

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.