Type Here to Get Search Results !

Punjab Breaking News : मैंने हमेशा पंजाब के मुद्दों पर बात की : मजीठिया


Punjab Breaking News , चंडीगढ़ : शिअद नेता बिक्रमजीत सिंह मजीठिया को बुधवार को विजिलेंस ने उनके अमृतसर स्थित आवास से गिरफ्तार किया। विजिलेंस ने यह गिरफ्तारी आय से ज्यादा संपत्ति अर्जित करने के मामले में की है। इसपर बोलते हुए मजीठिया ने कहा कि सारी कार्रवाई राजनीतिक बदले की भावना से की जा रही है। मगर, वह इससे डरने वाले नहीं हैं।

मजीठिया की विधायक पत्नी गनीव कौर ने कहा कि विजिलेंस टीम ने घर में जबरन घुसकर धक्कामुक्की की है। रेड पर बिक्रम सिंह मजीठिया ने कहा कि मैंने बहुत पहले ही कहा था कि जब पंजाब की आप सरकार को नशीली दवाओं के झूठे मामले में मेरे खिलाफ कुछ नहीं मिला, तो अब मेरे खिलाफ एक नया झूठा मामला दर्ज करने की तैयारी है। मजीठिया ने कहा कि आज विजिलेंस के एसएसपी की अगुवाई में टीम ने मेरे घर पर छापेमारी की है। सरकार यह बात समझ लें, जितने भी मामले दर्ज कर लें, न तो मैं डरूंगा और न ही आपकी सरकार मेरी आवाज दबा सकती है। मैंने हमेशा पंजाब के मुद्दों की बात की है और आगे भी करूंगा। मुझे अकाल पुरख, गुरु साहिब पर पूरा भरोसा है। अंत में सच की जीत होगी।

शुरूआती जांच में ही अरबों की संपत्ति का पता चला

विजिलेंस टीम को शुरूआती जांच में 540 करोड़ से अधिक प्रॉपर्टी का पता चला। विजिलेंस ने बिक्रम मजीठिया के घर से 29 मोबाइल फोन, 5 लैपटॉप, 3 आईपैड, 2 डेस्कटॉप, 8 डायरियां और अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं। विजिलेंस की टीम बुधवार सुबह ररढ लखबीर सिंह की अगुआई में मजीठिया के अमृतसर में ग्रीन एवेन्यू स्थित घर पर पहुंची। इस दौरान मजीठिया की विजिलेंस टीम से भी बहस हुई।

कोई भी बख्शा नहीं जाएगा : अरविंद केजरीवाल

इस मामले पर आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जो लोग सबसे पहले पंजाब में नशा लाए, वे दूसरी पार्टी में मंत्री थे और खुद तस्करों को पनाह देते थे। अब पंजाब में संदेश साफ है। चाहे जितना बड़ा नेता हो, किसी को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं आम आदमी पार्टी की ओर जारी किए गए एक बयान में कहा गया है कि अमृतसर में 11, तरनतारन- 4, संगरूर 3 और लुधियाना में 2 जगह पर विजिलेंस की छापेमारी की गई है।

पंजाब में नशा शिअद और भाजपा की देन : आप

कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक की अध्यक्षता में आप नेताओं ने चंडीगढ़ में प्रेस वार्ता की। इसमें कटारूचक के अलावा आप प्रवक्ता नील गर्ग और रंजीत पाल सिंह मौजूद रहे । उन्होंने कहा कि मजीठिया की गिरफ्तारी नशे के खिलाफ आम आदमी पार्टी और मुख्यमंत्री भगवंत मान की राजनीतिक इच्छाशक्ति को दर्शाती है। आज का दिन इतिहास में लिखा जाएगा। इतिहास में दर्ज होगा कि अकाली-भाजपा सरकार पंजाब में नशा लेकर आई, वहीं मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी की सरकार ने नशे को जड़ से खत्म किया। कटारूचक ने कहा कि 2007 से पहले पंजाब के लोग चिट्टा का नाम तक नहीं जानते थे। बादल सरकार के दौरान ही यह नशा पंजाब में आया और हजारों युवाओं को बर्बाद किया।


 

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.