Type Here to Get Search Results !

Punjab-Haryana Water Dispute : पंजाब से सौतेला व्यवहार कर रहा केंद्र : मान


Punjab-Haryana Water Dispute (ब्यूरो ), चंडीगढ़/नंगल : हरियाणा और पंजाब के बीच चल रहे पानी विवाद के बीच एक बार फिर से पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान नंगल डैम पहुंचे और उन्होंने वहां की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान मान ने एक बार फिर से पंजाब के पानी की लूट न होने देने की अपनी सरकार की वचनबद्धता दोहराई। मान ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार द्वारा भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) के माध्यम से राज्य के पानी को छीनकर पंजाब के साथ सौतेली मां जैसा व्यवहार करने के किसी भी प्रयास को विफल करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस और अन्य भी उपस्थित थे।

पंजाब अपनी सीमा और पानी की रक्षा को सक्षम

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण बात है कि एक तरफ पंजाब अंतर्राष्ट्रीय सीमाओं पर दुश्मन का बहादुरी से सामना कर रहा है और दूसरी तरफ केंद्र की भाजपा सरकार राज्य को उसके पानी से वंचित करने के लिए घटिया खेल खेल रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब पूरी तरह चौकस है क्योंकि पंजाब पुलिस और राज्य के निवासी पाकिस्तान के साथ लगती 532 किलोमीटर की सीमा की रक्षा के लिए सेना की मदद कर रहे हैं। भगवंत सिंह मान ने कहा कि भाजपा ऐसी ओछी हरकतें कर रही है जो कि बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि गंभीर संकट के मौके पर ऐसी हरकतों से बचना चाहिए।

नाजुक समय में पंजाब को कमजोर कर रही भाजपा

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार अंतर्राष्ट्रीय सीमा और यहां तक कि राज्य के पानी की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है जिसके लिए पंजाब सरकार द्वारा कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि सीमा पर बढ़ते तनाव के बीच जब ड्रोन डैमों पर दिखाई देते हैं, भाजपा हमें युद्ध के नाजुक मौके पर बहुत ही संवेदनशील क्षेत्रों में विरोध प्रदर्शन करने के लिए मजबूर कर रही है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि असल में भाजपा राज्य सरकार के धैर्य की परीक्षा ले रही है और हमें अपने कीमती पानी को बचाने के लिए सख्त कार्रवाई करने के लिए मजबूर कर रही है।


 

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.