Type Here to Get Search Results !

यूपी में एक और पति की हत्या, पत्नी ने दूध में नशीली दवा मिलाकर ली जान, जंगल में दफनाई लाश

 

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के मथुरा में एक और पत्नी ने अपने पति की हत्या कर दी है। मथुरा के गोविंद नगर पुलिस स्टेशन के तहत आने वाले जयसिंहपुरा इलाके में, एक महिला ने अपनी बेटी और उसके प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या कर दी। पति ने अपनी बेटी को उसके प्रेमी के साथ देख लिया था और इस पर आपत्ति जताई थी।

यह आरोप लगाते हुए महिला के जेठ ने प्राथमिकी दर्ज कराई है जिसके आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने शव को खोजने के लिए अक्रूर जंगल और घाटों पर तलाशी अभियान भी चलाया। घर की भी तलाशी ली गई, लेकिन शव नहीं मिला।

जयसिंहपुरा की राधा कृष्ण वाटिका के रहने वाले रामबाबू ने बताया कि उनका सबसे छोटा भाई मनोज सोनी (42), 18 अप्रैल की रात अपनी पत्नी से झगड़े के बाद लापता हो गया था। उसकी पत्नी नैना ने 21 अप्रैल को गोविंद नगर पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन अगले ही दिन उसे वापस ले लिया।

इसके बाद, रामबाबू ने 9 मई को पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई और तलाशी की मांग की, लेकिन कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई। इस बीच, 7 जून को नैना घर में ताला लगाकर अपनी छोटी बेटी के साथ चली गई। घर पर ताला लगा देख परिवार वालों ने न्याय के लिए SSP से गुहार लगाई। उन्होंने मुख्यमंत्री के पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई।

एसएसपी के आदेश पर 11 जुलाई को थाना गोविंद नगर पुलिस ने मनोज की गुमशुदगी दर्ज कर उनकी पत्नी व बेटी की तलाश शुरू की। रामबाबू ने बताया है कि एक सप्ताह पहले गोविंद नगर पुलिस मां-बेटी को मथुरा लेकर आई और पूछताछ की। पूछताछ के बाद नैना अपने मायके चली गई।

यहां पिता के पूछने पर नैना ने सारे राज खोल दिए। आरोप है कि नैना ने पिता से कहा कि छोटी बेटी और उसके प्रेमी ने पति मनोज को दूध में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। इससे वह बेहोश हो गए और फिर सिर में पत्थर मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद शव अक्रूर के जंगल में दफना दिया है।

पुलिस ने उसी कॉलोनी में रहने वाले बेटी के प्रेमी डिलिवरी ब्वॉय विमल चौधरी को हिरासत में लिया और पूछताछ की। प्रेमी की निशानदेही पर पुलिस ने बृहस्पतिवार रात को जेसीबी मशीन से अक्रूर के जंगल में शव की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया। शुक्रवार को भी पुलिस ने अक्रूर के जंगल, घाट और घर में तलाश की, लेकिन शव का कहीं सुराग नहीं लगा। फिलहाल पुलिस तीनों से पूछताछ कर शव की तलाश में जुटी है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.