Type Here to Get Search Results !

स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर डीजीपी पंजाब द्वारा जिला पुलिस मुखियों को गश्त और निगरानी बढ़ाने के निर्देश

 

  • डीजीपी गौरव यादव ने अमृतसर, जालंधर और लुधियाना कमिश्नरेटों/रेंजों में सुरक्षा तैयारियों का लिया जायजा
  • कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अंतर-जिला समन्वय और सख्त नाकाबंदी के भी दिए आदेश
  • डीजीपी द्वारा कमिश्नरेटों और रेंजों के जिला पुलिस मुखियों और एस.एच.ओज़. से सीधी बातचीत

चंडीगढ़/अमृतसर/जालंधर/लुधियाना, 10 अगस्त: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के अनुसार स्वतंत्रता दिवस-2026 के समारोहों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना सुनिश्चित करने के लिए डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने आज संवेदनशील इलाकों, जनसमूह वाले प्रमुख स्थलों, प्रमुख शहरी स्थानों और संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके अलावा उन्होंने सीमावर्ती राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए अंतर-जिला समन्वय, सख्त नाकाबंदी और 24 घंटे निगरानी के निर्देश भी दिए।

डीजीपी पंजाब ने अपने तूफानी दौरे के दौरान अमृतसर, जालंधर और लुधियाना कमिश्नरेटों तथा बॉर्डर, जालंधर व लुधियाना पुलिस रेंजों के अधिकारियों के साथ बैठकें करके कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की।

अमृतसर से अपने दौरे की शुरुआत करते हुए डीजीपी गौरव यादव ने संवेदनशील सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की और सभी यूनिटों को सख्त चौकसी बनाए रखने, निवारक उपायों में तेजी लाने, गश्त और निगरानी गतिविधियों को मजबूत करने तथा भीड़-भाड़ वाले इलाकों के सुचारू प्रबंधन को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस राष्ट्रीय उत्सव के महत्व पर जोर देते हुए डीजीपी ने कहा कि सुरक्षा ढांचे में सहज समन्वय और उभरती चुनौतियों का सक्रिय मूल्यांकन पंजाब पुलिस की प्रमुख प्राथमिकता है।

अमृतसर की समीक्षा यात्रा के बाद डीजीपी ने कमिश्नरेट पुलिस जालंधर और जालंधर रेंज, जिसमें जालंधर, कपूरथला, होशियारपुर और एस.बी.एस. नगर जिले शामिल हैं, की तैयारियों का व्यक्तिगत रूप से आकलन करने के लिए जालंधर का दौरा किया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने अधिकारियों को खतरे की मौजूदा संभावनाओं के बारे में जानकारी दी और अधिक चौकसी बनाए रखने, बल की सुचारू एवं सामरिक तैनाती तथा तीव्र प्रतिक्रिया प्रणाली की आवश्यकता पर जोर दिया ताकि नागरिक बिना किसी परेशानी या कठिनाई के पूरे विश्वास के साथ स्वतंत्रता दिवस मना सकें।

बल की प्रतिबद्धता और व्यावसायिकता की प्रशंसा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को अधिक सतर्क, सुलभ और जनता के प्रति जवाबदेह रहने के निर्देश दिए।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.