Karol Bagh Fire News: दिल्ली के करोल बाग इलाके में एक इमारत में आग लगने की सूचना मिली है. अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को दिल्ली के करोल बाग इलाके में एक इमारत में आग लगने की सूचना मिलने के बाद कई दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। जानकारी के अनुसार इमारत की सबसे ऊपरी मंजिल पर एक पेइंग गेस्ट (PG) सुविधा चल रही थी।
दिल्ली फायर सर्विस (DFS) के एक अधिकारी ने बताया कि सुबह 11:00 बजे करोल बाग के चना मंडी इलाके में एक PG में आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर आठ दमकल गाड़ियां भेजी गईं और आग बुझाने का काम अभी भी जारी है।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि इमारत की सबसे ऊपरी मंजिल का इस्तेमाल PG के तौर पर किया जा रहा था, जबकि ग्राउंड फ्लोर पर चमड़े के जूते बनाने की एक छोटी यूनिट चल रही थी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, PG में रह रहे दो छात्रों को सुरक्षित बचा लिया गया।
उन्होंने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों समेत पुलिस बल मौके पर मौजूद था और सुरक्षा व ट्रैफिक के ज़रूरी इंतज़ाम किए गए थे। फायर डिपार्टमेंट के साथ मिलकर स्थिति पर बारीकी से नज़र रखी जा रही थी।
