Type Here to Get Search Results !

मेरी आवाज नहीं दबा सकती भगवंत मान सरकार, फगवाड़ा में गरजे बिक्रम मजीठिया


 फगवाड़ा  : शिरोमणि अकाली दल (ब) के वरिष्ठ नेता और पंजाब के पूर्व मंत्री सरदार बिक्रम सिंह मजीठिया माननीय अदालत से जमानत मिलने के बाद श्री दरबार साहिब अमृतसर में नतमस्तक होने जाते समय फगवाड़ा बाईपास रोड पर पार्टी कार्यकर्ताओं से रू-बरू हुए।

शिरोमणि अकाली दल विधानसभा हलका फगवाड़ा शहरी इंचार्ज रणजीत सिंह खुराना और ग्रामीण हलका इंचार्ज राजिंदर सिंह चंदी की अगुवाई में समूचे अकाली नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बोले सो निहाल और शिरोमणि अकाली दल जिंदाबाद के गगनभेदी जयकारे और नारे लगाते हुए फूलों के हार पहनाकर मजीठिया का जोरदार स्वागत किया। स्वागत करने वालों में जिला प्रधान (शहरी) जरनैल सिंह वाहद विशेष रूप से मौजूद रहे। पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बिक्रम मजीठिया ने कहा कि पार्टी कार्यकर्त्ताओं की दुआओं व परमात्मा की मेहर से उन्हें जमानत मिली है।

उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान और राज्य की आम आदमी पार्टी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सरकार के इशारों पर काम कर रही पुलिस और जेल प्रशासन ने उन्हें मानसिक रूप से परेशान करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। यहां तक कि परिवार से मिलने से भी रोका गया। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने जनता को यह कहकर गुमराह किया कि मुझे नशे के केस में गिरफ्तार किया गया है जबकि एफ.आई.आर. में किसी भी नशे का कोई जिक्र नहीं है, बल्कि आय से अधिक संपत्ति का झूठा मामला दर्ज किया गया था।

मजीठिया ने कहा कि भगवंत मान सरकार चाहे जितने भी झूठे केस दर्ज कर ले, वह उनकी आवाज को दबा नहीं सकेगी। न वह कभी सरकार के आगे झुके हैं और न ही झुकेंगे। उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल ने हमेशा हक और सच की बात की है और करता रहेगा। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि आज देश और विदेशों में बसे पंजाबी आम आदमी का मुखौटा पहनकर पंजाब को लूट रहे केजरीवाल के इस गिरोह से दुखी हैं।
पंजाबियों को अब यह एहसास हो चुका है कि उन्होंने पंजाब को एक धोखेबाज पार्टी के हवाले कर बहुत बड़ी गलती की थी, जिसे वर्ष 2027 की विधानसभा चुनावों में सुधारते हुए दोबारा पंजाब में शिरोमणि अकाली दल की सरकार बनाई जाएगी। मजीठिया ने आम आदमी पार्टी सरकार पर सरकारी संपत्तियां बेचने और बड़े घोटाले करने के आरोप भी लगाए और कहा कि राज्य में शिरोमणि अकाली दल की सरकार बनने पर भगवंत मान और आप पार्टी से पूरा हिसाब वसूला जाएगा।

एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पंजाब की मौजूदा कानून-व्यवस्था बीस साल पुराने उत्तर प्रदेश और बिहार की तस्वीर पेश कर रही है। यहां के हालात वहां के जंगलराज से भी बदतर हो चुके हैं। इस मौके पर बड़ी संख्या में शिरोमणि अकाली दल (ब) के कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद थे।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.