Type Here to Get Search Results !

रंधावा द्वारा आत्महत्या का मामला पीड़ित को न्याय मिलना चाहिए: वड़िंग हाईकोर्ट की निगरानी में जांच की मांग

 

चंडीगढ़: पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने वेयरहाउस कॉरपोरेशन के जिला मैनेजर डॉ. गगन रंधावा द्वारा आत्महत्या करने पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए, पीड़ित को न्याय दिलाने की मांग की है। उन्होंने भरोसा दिलाया है कि कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और न्याय सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास करेगी।

इस दौरान संबंधित मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर के इस्तीफे के मुद्दे पर बोलते हुए, वड़िंग ने कहा कि इस मामले की स्वतंत्र रूप से जांच होनी चाहिए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि किन कारणों और किन परिस्थितियों में एक अधिकारी को इतना कठोर कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ा।

उन्होंने मांग की है कि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए इस मामले की जांच हाईकोर्ट के एक मौजूदा जज की निगरानी में करवाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि भुल्लर सत्ताधारी आम आदमी पार्टी के प्रभावशाली नेता हैं, इसलिए राज्य सरकार द्वारा की गई जांच पर विश्वास नहीं किया जा सकता। उन्होंने जोर देते हुए, कहा कि केवल न्याय ही नहीं होना चाहिए, बल्कि यह भी सुनिश्चित होना चाहिए कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष हो।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इस घटना ने आम आदमी पार्टी की कथित “भ्रष्टाचार-मुक्त सरकार” के दावों की पोल खोल दी है और लोगों के सामने सच ला दिया है कि यह सरकार भ्रष्टाचार के दलदल में कितनी गहराई तक डूबी हुई है, जहां गगनदीप जैसे अधिकारियों को अपनी जान देकर इसकी कीमत चुकानी पड़ रही है।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.