खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह ने गणतंत्र दिवस को लेकर पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। याचिका के माध्यम से सांसद ने गणतंत्र दिवस परेड में भाग लेने और लोकसभा के संसद सत्र में भाग लेने की अनुमति मांगी है। इससे पहले अमृतपाल सिंह ने 17 दिसंबर को अमृतसर के डीएम को ज्ञापन भेजकर लोकसभा के आगामी सत्र में भाग लेने की अनुमति मांगी थी, लेकिन इस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसलिए अब उन्होंने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर इसकी मांग की है।
अमृतपाल सिंह ने अपनी याचिका में तर्क दिया है कि गणतंत्र दिवस और संसद सत्र में उनकी भागीदारी न्याय और समानता के हित में है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान में निहित मूल सिद्धांतों का प्रतीक बताया। उनका कहना है कि राष्ट्रीय महत्व के इन कार्यक्रमों में उनकी उपस्थिति जनहित का विषय है। हाईकोर्ट अब अमृतपाल सिंह की इस याचिका पर एक दिन के भीतर सुनवाई कर सकता है।
याचिका के माध्यम से अमृतपाल ने अदालत से अनुरोध किया है कि वह संबंधित अधिकारियों को निर्देश दे कि उन्हें इन महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होने की अनुमति दी जाए। उनका कहना है कि संसद सदस्य होने के नाते उनका संवैधानिक कर्तव्य है कि वे संसद के सत्रों में भाग लें और संसद में जनता के मुद्दे उठाएं। याचिका में अमृतपाल ने भारत सरकार, पंजाब सरकार व अन्य को पक्ष बनाया है। हालाँकि, इसे अभी तक सूचीबद्ध नहीं किया गया है।

