ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी कबड्डी चैंपियनशिप 2024-25 के दौरान शनिवार को तलवंडी साबो में उस समय हड़कंप मच गया, जब लड़कियों की यह कबड्डी चैंपियनशिप 'अखाड़े' में तब्दील हो गई। इस दौरान तमिलनाडु और बिहार के खिलाड़ियों के बीच तीखी बहस हो गई और स्थिति मारपीट तक पहुंच गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर कुर्सियां भी फेंकी, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार अखिल भारतीय विश्वविद्यालय कबड्डी चैंपियनशिप (लड़कियां) 2024-25 का आयोजन तलवंडी साबो सब-डिवीजन में किया जा रहा है। शनिवार को कबड्डी चैंपियनशिप के दौरान विवाद उत्पन्न हो गया, जब बिहार और तमिलनाडु की टीमों के बीच मुकाबला चल रहा था, तभी किसी बात को लेकर दोनों टीमों के बीच झगड़ा हो गया। इसी बीच बिहार की एक अन्य टीम की लड़कियां भी रिंग में उतर आईं, जिससे मारपीट शुरू हो गई और दूसरी ओर तमिलनाडु टीम का एक कोच भी मारपीट में शामिल हो गया। यह मामला तू-तू, मैं-मैं से शुरू हुआ और मारपीट में तब्दील हो गया। यहां तक कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर कुर्सियां भी फेंकी। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

