संगरूर : संगरूर के धुरी के गांव कातरों में एक दिल दहला देने वाला हादसा होने की खबर सामने आई है। एक भयावह घटना में मां-बेटी चलती बस से गिर गईं, जिससे मां की मौत हो गई, जबकि बेटी घायल हो गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतका के पति ने बताया कि वह अपने बच्चों व पत्नी के साथ गांव संघेड़ा से नाभा जा रहे थे। इस दौरान वे सरकारी पीआरटीसी बस में सवार थे। पीड़ित ने बताया कि जब वे धूरी के निकट गांव कातरों के पास पहुंचे तो बस चालक ने लापरवाही से बस को तीखा मोड़ दिया, जिससे उसकी पत्नी और बच्चा बस की खिड़की से बाहर गिर गए। परिणामस्वरूप उसकी पत्नी हिना की सिर में चोट लगने से मौके पर ही मौत हो गई तथा बच्चे को गंभीर चोटें आईं, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दूसरी ओर, बस कंडक्टर ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि कोहरे के कारण बस धीरे थी। इसी दौरान बच्चे को उल्टी कराते समय यह हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

