Type Here to Get Search Results !

गैंगस्टरों पर वार का 159वाँ दिन: पंजाब पुलिस द्वारा 580 स्थानों पर छापेमारी; 320 गिरफ्तार

 

— पुलिस टीमों ने 142 व्यक्तियों के विरुद्ध एहतियाती कार्रवाई की

— लोग एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 पर गोपनीय रूप से गैंगस्टरों के बारे में सूचना दे सकते हैं

— ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान के 484वें दिन 71 नशा तस्कर गिरफ्तार

चंडीगढ़:राज्य में चल रहे निर्णायक अभियान ‘गैंगस्टरों ते वार’ के 159वें दिन पंजाब पुलिस ने आज पूरे प्रदेश में गैंगस्टरों के सहयोगियों के चिन्हित एवं मैप किए गए 580 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।

उल्लेखनीय है कि ‘गैंगस्टरों ते वार’ पंजाब को गैंगस्टर मुक्त राज्य बनाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा एक निर्णायक अभियान है, जिसकी शुरुआत 20 जनवरी, 2026 को पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव द्वारा की गई थी। एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब के समन्वय से सभी जिलों की पुलिस टीमें पूरे राज्य में विशेष अभियान चला रही हैं।

अभियान के 159वें दिन पुलिस टीमों ने 10 हथियार बरामद करते हुए 320 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया।

इसके साथ ही अभियान शुरू होने के बाद से अब तक कुल गिरफ्तारियों की संख्या बढ़कर 41,385 हो गई है।

इसके अतिरिक्त, 142 व्यक्तियों के विरुद्ध एहतियाती कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस टीमों ने एक घोषित भगोड़े अपराधी (पीओ) को भी गिरफ्तार किया।

आम नागरिक एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 पर पूरी गोपनीयता के साथ वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों के संबंध में सूचना दे सकते हैं तथा अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों से जुड़ी जानकारी भी साझा कर सकते हैं।

इस दौरान पंजाब पुलिस ने नशों के विरुद्ध अपने अभियान ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ को 484वें दिन भी जारी रखते हुए आज 71 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 776 ग्राम हेरोइन, 2.9 किलोग्राम गांजा, 310 नशीली गोलियां तथा 23,040 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई। इसके साथ ही पिछले 484 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या बढ़कर 70,474 हो गई है।

नशा मुक्ति अभियान के तहत पंजाब पुलिस ने आज 11 व्यक्तियों को नशा छोड़ने तथा पुनर्वास उपचार के लिए प्रेरित कर उपचार केंद्रों में भेजने के लिए भी सहमत किया।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.