Type Here to Get Search Results !

मोदी को भारत की सत्ता से हटाना और केजरीवाल को सत्ता में बैठाना ही देशभक्ति- मनीष सिसोदिया

 

  1. – देश को अमेरिका-चीन के आगे घुटने टेकने वाला नहीं, पढ़ा-लिखा, हिम्मती व कट्टर ईमानदार प्रधानमंत्री चाहिए- मनीष सिसोदिया
  2. – केजरीवाल की काम की राजनीति देश भर में फैलने से रोकने के लिए मोदी जी ने एजेंसियों से झूठा केस बनवाया- संजय सिंह
  3. – अरविंद केजरीवाल के हाथों नरेंद्र मोदी की सत्ता जानी तय है, अब मोदी सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है- सौरभ भारद्वाज
  4. – भाजपा ने खूब कीचड़ उछाले, लेकिन कोर्ट ने केजरीवाल-सिसोदिया समेत पूरी पार्टी की ईमानदारी पर मोहर लगा दी- आतिशी
  5. – गुजरात की जनता भाजपा-कांग्रेस की सांठगांठ समझ चुकी है, इस बार आम आदमी पार्टी की सरकार बनाएगी- गोपाल राय
  6. – केजरीवाल ने फर्जी गुजरात मॉडल की पोल खोली तो बौखलाई भाजपा ने हमारे शीर्ष नेताओं को जेल भेज दिया- ईसुदान गढ़वी
  7. – भाजपा ने तथाकथित शराब मामले को गोवा चुनाव से जोड़ने की कोशिश की, लेकिन कोर्ट में बेनकाब हो गई- वाल्मीकि नाइक

नई दिल्ली:आम आदमी पार्टी के पंजाब प्रभारी और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने देशवासियों से मोदी सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया है। रविवार को जंतर मंतर पर आयोजित रैली में उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी को भारत की सत्ता से हटाना और अरविंद केजरीवाल को सत्ता में बैठाना ही देशभक्ति है। अब देश को ऐसा प्रधानमंत्री नहीं चाहिए जो ईडी-सीबीआई के सहारे तानाशाही करे और अमेरिका-चीन के आगे घुटने टेक दे। देश को एक पढ़ा-लिखा, हिम्मती व कट्टर ईमानदार, स्कूल, अस्पताल बनाने, युवाओं को नौकरियां देने वाला प्रधानमंत्री चाहिए और यह सारे गुण एकमात्र अरविंद केजरीवाल के अंदर है। केजरीवाल ने दिल्ली में स्कूल, अस्पताल बनाकर और जनता की सेवा करके अपनी काबिलियत साबित की है।

मनीष सिसोदिया ने कहा कि इसी जंतर-मंतर से आम आदमी पार्टी का जन्म हुआ था। इसके बाद ‘‘आप’’ ने दिल्ली और पंजाब में ऐतिहासिक काम किए हैं। 13 साल के अंदर-अंदर पार्टी ने दिल्ली, गुजरात, पंजाब और गोवा तक अपने विधायक खड़े कर दिए हैं। यह ऐतिहासिक पार्टी जंतर-मंतर के नीम के पेड़ के नीचे पैदा हुई, जिसने इतने ऐतिहासिक काम किए। काम तो ऐतिहासिक हुए ही, लेकिन आजाद भारत के इतिहास में सबसे ज्यादा ऐतिहासिक झूठे आरोप भी इसी पार्टी के नेताओं पर लगाए गए। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल और उनकी टीम ने सबसे ज्यादा साजिशों, झूठ और प्रताड़ना का डटकर सामना किया है। फिर भी ऐतिहासिक रूप से अदालत द्वारा बेदाग प्रमाणित होकर फिर से जंतर-मंतर पर खड़े हैं। यह केवल किसी राजनीतिक मंच से नहीं कहा जा रहा है कि अरविंद केजरीवाल कट्टर ईमानदार हैं, बल्कि कोर्ट कह रहा है कि अरविंद केजरीवाल कट्टर ईमानदार हैं।

मनीष सिसोदिया ने एक कहावत का जिक्र करते हुए कहा कि काजल की कोठरी में कैसा भी सयाना जाए, एक लीक तो लग ही जाती है। लोग कहते थे कि राजनीति ऐसी काजल की कोठरी है, जहां से गुजरने पर एक न एक धब्बा तो लग ही जाता है। लेकिन अरविंद केजरीवाल की उस राजनीति को सलाम है जो काजल की कोठरी से नहीं, बल्कि इनकी काल कोठरी से भी निकल आई, फिर भी उन पर एक भी काला धब्बा नहीं लग पाया। अरविंद केजरीवाल, उनकी राजनीति, सरकार और टीम पर एक भी धब्बा नहीं लगा और आम आदमी पार्टी पूरी तरह पाक-साफ निकल कर आई है।

अपनी पृष्ठभूमि के बारे में बताते हुए मनीष सिसोदिया ने बताया कि मेरे दादा फौज में थे, पिता सरकारी स्कूल में शिक्षक थे और नाना स्वतंत्रता सेनानी थे। मेरे परिवार ने मेरे अंदर देशभक्ति का जो जज्बा भरा था, अरविंद केजरीवाल ने उस देशभक्ति को एक रास्ता दिखाया। मुझे लगता रहा कि देश के लिए अच्छे स्कूल, अच्छे अस्पताल बनाना, नौजवानों को नौकरियां दिलवाना और व्यापारियों का व्यापार आगे बढ़ाना ही देशभक्ति है।

मनीष सिसोदिया ने कहा कि 10 साल के राजनीतिक अनुभव और इन सभी संघर्षों से गुजरने के बाद, आज की तारीख की सबसे बड़ी जरूरत यह है कि नरेंद्र मोदी से भारत को मुक्त कराना भी देशभक्ति है। नरेंद्र मोदी के अत्याचारों से भारत को मुक्त कराना आज की असली देशभक्ति है और इसे देशभक्ति की परिभाषा में जोड़ना पड़ेगा। सत्ता की हवस में डूबे हुए ‘चौथी पास राजा’ से देश को मुक्त कराना आज की देशभक्ति है। सत्ता में बैठे नरेंद्र मोदी चुनाव जीतने के लिए ईडी, सीबीआई, चुनाव आयोग, दिल्ली पुलिस, सारी संस्थाओं और पूरी सरकार का दुरुपयोग करते हैं। देश को ऐसा प्रधानमंत्री नहीं चाहिए जो सीबीआई और ईडी का दुरुपयोग करके सत्ता में बना रहना चाहता हो।

मनीष सिसोदिया ने कहा कि देश को ऐसा प्रधानमंत्री नहीं चाहिए जो अमेरिका के दबाव डालने पर पाकिस्तान के सामने घुटने टेक दे। ऐसा प्रधानमंत्री नहीं चाहिए जो चीन के हमारी जमीन में घुस आने पर आंखें बंद करके बैठ जाए। ऐसा प्रधानमंत्री नहीं चाहिए कि अमेरिका का राष्ट्रपति भारत को गालियां देता रहे और वह मौन बैठा रहे। देश को ऐसा प्रधानमंत्री भी नहीं चाहिए जो हवाई जहाज से उतरते ही सारी दुनिया में केवल खींसें निपोरता घूमे और जिसके बारे में दुनिया के दलाल यह कहना शुरू कर दें कि वे उसे जब चाहें, जिसके सामने नचवा देते हैं। देश को एक हिम्मत वाला, पढ़ा-लिखा, दूरदर्शी और कट्टर ईमानदार प्रधानमंत्री चाहिए जो स्कूलों, अस्पतालों, रोजगार और व्यापार की बात करे। ऐसा एक ही नेता है, जो ये सब कर सकता है। वह अरविंद केजरीवाल हैं।

मनीष सिसोदिया ने जंतर-मंतर से यह आवाज उठाने की अपील की कि नरेंद्र मोदी को सत्ता से हटाना और अरविंद केजरीवाल को सत्ता में बिठाना सच्ची देशभक्ति है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को याद दिलाया कि जब उन्होंने गली-गली में मेहनत और हिम्मत दिखाई थी, तब जाकर अरविंद केजरीवाल सत्ता तक पहुंचे थे। फिर प्रधानमंत्री मोदी ने झूठी कहानियां गढ़कर उन्हें सत्ता से हटाया। मनीष सिसोदिया ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि सबको दोबारा हिम्मत और मेहनत से काम करना पड़ेगा, खून-पसीना बहाना पड़ेगा, साहस दिखाना पड़ेगा और ईडी-सीबीआई से टकराना पड़ेगा।

मनीष सिसोदिया ने आगे अरविंद केजरीवाल को आश्वस्त किया कि देश की जनता की हिम्मत उनके साथ खड़ी है। इस देश के हर देशभक्त का एक ही सपना होना चाहिए कि नरेंद्र मोदी को हटाना है और अरविंद केजरीवाल को लाना है।

इस दौरान सांसद संजय सिंह ने कहा कि केजरीवाल पर मुकदमा इसलिए बनाया गया क्योंकि वो भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन से निकले हुए एक ईमानदार नेता हैं और दिल्ली में ईमानदारी से सरकार चला रहे थे। एक तरफ नरेंद्र मोदी हैं, जिनकी डबल इंजन की सरकार में उत्तर प्रदेश में मोमबत्ती की रोशनी में ऑपरेशन होता है, मरने के वक्त लोगों को अस्पताल के बेड और एंबुलेंस तक उपलब्ध नहीं होती। दूसरी ओर अरविंद केजरीवाल हैं, जिन्होंने मोहल्ला क्लीनिक बनाए, मुफ्त दवाएं उपलब्ध कराईं, जांच मुफ्त कीं। एक तरफ भाजपा और नरेंद्र मोदी हैं, जो अडानी को ठेके दे-देकर महंगी बिजली बेचने का काम करते हैं। दूसरी तरफ अरविंद केजरीवाल ने मुफ्त बिजली देने का काम किया। हर घर में साफ पानी पहुंचाया। मोदी जी को लगा कि केजरीवाल की काम की राजनीति देशभर में फैल गई, तो उनकी नफरत वाली दुकान बंद हो जाएगी।

संजय सिंह ने कहा कि अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया सहित 23 लोगों के खिलाफ एक भी ऐसा सबूत नहीं है जिसके आधार पर मुकदमा चलाया जा सके। लाखों मुकदमों में से किसी एक मुकदमे में ऐसा फैसला आता है, जहां अदालत ने इस मामले को ट्रायल के योग्य भी नहीं समझा। कोर्ट फैसले के बाद से भाजपाई एक ही राग अलाप रहे हैं कि उनके पास बहुत सबूत हैं। भाजपाई कह रहे हैं कि सबूतों से छेड़छाड़ हो गई है। जबकि कोर्ट में साबित हो गया कि कोई घोटाला हुआ ही नहीं था।

संजय सिंह ने कहा कि मोदी जी और भाजपा को पीछे से हमला करने वाली, साजिश करने वाली और कायरों की तरह राजनीति नहीं करनी चाहिए। अगर हिम्मत है तो सामने से आकर लड़ना चाहिए। आम आदमी पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता जवाब देगा। अरविंद केजरीवाल की यह आम आदमी पार्टी और इसके कार्यकर्ता आंदोलन की कोख से पैदा हुए हैं। मोदी जी और उनकी पार्टी हमसे जितनी भी लड़ाई लड़ना चाहते हैं, हम सीना तान कर उनके खिलाफ सड़क से लेकर संसद तक लड़ते रहे हैं और आगे भी लड़ते रहेंगे।

सौरभ भारद्वाज ने बताया कि जम्मू-कश्मीर में डोडा से आम आदमी पार्टी के विधायक मेहराज मलिक एक आंदोलन करते हैं, तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं कि इन्हें जेल में डालो। पता नहीं, कहीं यही मेरी सत्ता न छीन लें। इसी तरह लद्दाख के अंदर जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक महात्मा गांधी के कदमों पर चलते हुए शांतिपूर्ण आंदोलन करते हैं, लेकिन प्रधानमंत्री ने उन्हें भी 157 दिन से जेल में डाल रखा है क्योंकि प्रधानमंत्री को यह डर है कि किसी भी आंदोलन से उनकी सत्ता चली जाएगी। उन्होंने कहा कि ऊपर वाले की अदालत में भाजपा को कभी क्षमा नहीं मिलेगी। अरविंद केजरीवाल के हाथों ही नरेंद्र मोदी की सत्ता जाएगी और यह सत्ता जरूर जाएगी और आज से मोदी सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गई है।

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि भाजपा सरकार और एलजी ने हजारों नौजवानों को नौकरी से निकाल दिया है। बस मार्शलों, बस कंडक्टरों और मोहल्ला क्लीनिकों से नर्सों और फार्मेसी के लोगों को निकाल दिया गया है। अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी उन सभी बेरोजगार हुए लोगों की आवाज उठा रहे हैं। जिस तरह से भाजपा ने झूठे मुकदमे बनाकर और षड्यंत्र रचकर “आप” नेताओं को फंसाया है, वह शर्मनाक है। भाजपा की साजिश कोर्ट में बेनकाब हो चुकी है। कोर्ट ने मोहर लगा दी कि अरविंद केजरीवाल कट्टर ईमानदार थे, हैं और रहेंगे। अब भाजपाइयों को जवाब देते नहीं बन रहा है।

वहीं, आतिशी ने कहा कि पहले की सरकारें कहती थीं कि स्कूल, अस्पताल और सड़कें बनाने के लिए उनके पास पैसे नहीं हैं। लेकिन अरविंद केजरीवाल ने साबित कर दिया कि अगर ईमानदारी से राजनीति की जाए, तो हर चीज के लिए पैसा है। पहले की सरकारों के पास पैसे की नहीं, नीयत की कमी थी, जो अरविंद केजरीवाल के पास भरपूर है। भाजपा को डर था कि अगर अरविंद केजरीवाल की ईमानदार राजनीति सफल हो गई, तो उनकी दुकान बंद हो जाएगी। पूरे देश की जनता स्कूल, मोहल्ला क्लीनिक और अच्छी राजनीति की मांग करेगी। इसी डर से अरविंद केजरीवाल पर कीचड़ उछाला गया और षड्यंत्र रचकर अरविंद केजरीवाल, संजय सिंह, सत्येंद्र जैन और मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार किया गया। लेकिन हमारे किसी भी नेता के घर से सीबीआई और ईडी को भ्रष्टाचार का एक भी रुपया नहीं मिला। यह हमारी ईमानदारी का प्रमाण है।

आतिशी ने कहा कि कोर्ट ने भी मुहर लगा दी है कि आम आदमी पार्टी कट्टर ईमानदार है और अरविंद केजरीवाल व मनीष सिसोदिया कट्टर ईमानदार हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस अत्याचार को पूरा देश देख रहा है। इस अत्याचार का शिकार सिर्फ आम आदमी पार्टी ही नहीं है, बल्कि नौकरी से निकाले गए 10 हजार बस मार्शल, बस कंडक्टर, ड्राइवर और मोहल्ला क्लीनिक के डॉक्टर-कंपाउंडर भी हैं। जब भी किसी तानाशाह का जुल्म बढ़ता है, तो उसका अंत करने वाला भी कोई न कोई जरूर आता है। मोदी जी आप कोर्ट या संविधान से नहीं डरते, तो कम से कम भगवान से डरो, भगवान ही आपके इस अत्याचार को खत्म करेगा।

गुजरात प्रभारी गोपाल राय ने कहा कि अरविंद केजरीवाल सहित आम आदमी पार्टी के सभी शीर्ष नेता झूठे मुकदमों से आरोप मुक्त होकर ईमानदारी का परचम लहराते हुए लौटे हैं। उन्होंने इस अंधकार और अन्याय के युग में ऐतिहासिक फैसला सुनाने वाले ट्रायल कोर्ट के न्यायाधीश की निडरता की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि कहा कि अरविंद केजरीवाल हमेशा कट्टर ईमानदार रहेंगे और भाजपा के ऊपर-नीचे जाने से इस सच्चाई पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। कांग्रेस द्वारा इस फैसले को राजनीतिक सांठगांठ बताए जाने पर भी उन्होंने कड़ा प्रहार किया। गोपाल राय ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी अपने ऐतिहासिक कामों के दम पर प्रचंड बहुमत से दोबारा सरकार बनाएगी, इसके लिए उन्हें किसी की मेहरबानी की जरूरत नहीं है। गुजरात में 30 साल से जनता का समर्थन मिलने के बावजूद कांग्रेस हमेशा भाजपा के सामने समर्पण करती रही है और अब उपचुनावों में उसकी जमानतें जब्त हो रही हैं। गुजरात की जनता भाजपा-कांग्रेस की सांठगांठ समझ चुकी है। इस बार गुजरात की जनता आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी।

वहीं, ‘‘आप’’ गुजरात के प्रदेश अध्यक्ष ईसुदान गढ़वी ने कहा कि आम आदमी पार्टी के शीर्ष नेताओं के जेल जाने के पीछे कहीं न कहीं गुजरात भी एक बड़ी वजह रहा है, क्योंकि अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन ने गुजरात जाकर 30 साल के भाजपा शासन की पोल खोल दी थी। उन्होंने बताया कि जब मनीष सिसोदिया ने वहां के शिक्षा मंत्री के क्षेत्र में जाकर खस्ताहाल स्कूलों का पर्दाफाश किया और सत्येंद्र जैन ने मोहल्ला क्लीनिक का मॉडल गुजरात के सामने रखा, तब बौखलाकर भाजपा ने इन नेताओं को जेल भेजने की साजिश रची। उन्होंने याद दिलाया कि 2022 के गुजरात चुनाव में आम आदमी पार्टी के भारी दबाव के कारण ही प्रधानमंत्री मोदी को टेंट में मॉडल स्कूल शुरू करना पड़ा था। कांग्रेस और भाजपा की सांठगांठ पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि पूरा गुजरात अब अरविंद केजरीवाल का इंतजार कर रहा है और 2027 में वहां भी अच्छे स्कूल, अस्पताल और ईमानदारी की राजनीति स्थापित की जाएगी।

इस दौरान “आप” के गोवा प्रदेश अध्यक्ष वाल्मीकि नाइक ने कहा कि तथाकथित शराब मामले का झूठा तार गोवा चुनाव से भी जोड़ने की कोशिश की गई थी और यह भ्रामक प्रचार फैलाया गया कि 100 करोड़ में से 45 करोड़ रुपए वहां खर्च हुए, जबकि असल में 45 पैसे भी खर्च नहीं हुए थे। उन्होंने बताया कि इस गंदे दुष्प्रचार के कारण गोवा में पार्टी को बहुत कुछ सुनना पड़ा और हमें शर्मिंदा करने की पूरी कोशिश की गई। लेकिन अब अदालत द्वारा इस फर्जी मामले को सिरे से खारिज कर दिए जाने के बाद, कल तक झूठा प्रचार करने वाले आज आंख मिलाने की हिम्मत नहीं कर पा रहे हैं। दिल्ली की “आप” सरकार ने 10 साल में शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी, बस आदि पर 6 लाख करोड़ रुपए पूरी ईमानदारी से खर्च किए, इसलिए भाजपा को केवल 100 करोड़ का एक नकली मामला गढ़ना पड़ा, जिसे अदालत ने अब बाहर फेंक दिया है।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.