Type Here to Get Search Results !

कार्यालय, जिला लोक संपर्क अधिकारी, साहिबजादा अजीत सिंह नगर


  • पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने मोहाली में नाबार्ड का स्टेट फोकस पेपर जारी किया
  • नाबार्ड के योगदान को पंजाब की अर्थव्यवस्था और विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया
  • भगवंत सिंह मान सरकार की व्यापारियों और निवेशकों के लिए अपराध-मुक्त माहौल बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई

साहिबजादा अजीत सिंह नगर:पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने आज मोहाली में आयोजित राज्य ऋण संगोष्ठी (स्टेट क्रेडिट सेमिनार) के दौरान नेशनल बैंक फॉर एग्रिकल्चर एंड रूरल डेवलपमेंट (नाबार्ड) द्वारा तैयार स्टेट फोकस पेपर 2026-27 जारी किया।

समारोह को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ने पंजाब की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने और विभिन्न क्षेत्रों में विकास को गति देने में नाबार्ड के महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि नाबार्ड द्वारा कृषि, शिक्षा और सामाजिक क्षेत्रों में विकास के लिए विभिन्न ऋण एवं वित्तीय योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि आज जारी किए गए स्टेट फोकस पेपर में पंजाब के लिए प्राथमिकता क्षेत्र के अंतर्गत कुल 3,08,66,614 लाख रुपये की ऋण संभाव्यता का आकलन किया गया है। इसमें कृषि ऋण, कृषि अवसंरचना, सहायक गतिविधियां, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, निर्यात ऋण, शिक्षा, आवास, सामाजिक अवसंरचना, नवीकरणीय ऊर्जा सहित अन्य क्षेत्र शामिल हैं।

वित्त मंत्री चीमा ने कहा कि पंजाब ने देश को खाद्यान्न उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, लेकिन इसके परिणामस्वरूप भूजल स्तर में उल्लेखनीय गिरावट आई है। उन्होंने बताया कि पंजाब के 151 में से 117 ब्लॉक ‘डार्क ज़ोन’ घोषित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा नहरी सिंचाई को प्रोत्साहित करने तथा किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए छोटे खाल बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि भूजल स्तर को संरक्षित किया जा सके। उन्होंने नाबार्ड से फसल विविधीकरण के प्रयासों में राज्य का अधिकतम सहयोग करने की अपील की।

इस अवसर पर व्यापारियों और निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण के संबंध में उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार सुरक्षित और अपराध-मुक्त माहौल प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जानकारी दी कि गत दिवस वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और जिला प्रमुखों की बैठक पंजाब स्टेट ट्रेडर्स कमीशन के साथ आयोजित की गई, ताकि असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश दिया जा सके और व्यापारिक माहौल को सुरक्षित बनाया जा सके।

समारोह में बी. रमेश बाबू, मुख्य महाप्रबंधक, नाबार्ड; रितु अग्रवाल, आईएएस, सचिव सहकारिता पंजाब; मनोहर लाल, महाप्रबंधक, नाबार्ड; पंकज सेतिया, महाप्रबंधक, आरबीआई चंडीगढ़; जी.के. नेगी, अध्यक्ष, पंजाब ग्रामीण बैंक; तथा गुरइकबाल सिंह, महाप्रबंधक एवं ओआईसी, नाबार्ड हरियाणा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

इस अवसर पर प्रगतिशील एफपीओ, स्वयं सहायता समूहों तथा ड्रैगन फ्रूट उत्पादकों को सम्मानित भी किया गया।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.