Chandigarh Breaking News, चंडीगढ़ : पंजाब के सीएम भगवंत सिंह मान ने मुख्यमंत्री ने कहा है कि पंजाब सरकार ने प्रदेश के शासन में पारदर्शिता और कुशलता लाने के लिए सिंगल विंडो विद ए सिंगल पैन प्रणाली शुरू की है, जिससे प्रदेश की औद्योगिक नीति एक नए युग में प्रवेश कर चुकी है। उन्होंने कहा कि एक कलम छड़ी से ज्यादा ताकत रखती है, क्योंकि यह सही फैसले लेने और रचनात्मक प्रशासन का रास्ता प्रशस्त करती है। पंजाब को निवेश के लिए पसंदीदा गंतव्य बनाने तथा औद्योगिक क्षेत्र को बड़ा बूस्ट देने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने फास्ट्रैक पंजाब पोर्टल के दूसरे चरण का शुभारंभ किया। इस पोर्टल के माध्यम से 173 सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे प्रदेश में औद्योगिक विकास की गति और तेज होगी।
बिना किसी देरी के मिलेंगी जरूरी मंजूरी
समागम को संबोधित करते हुए भगवंत सिंह मान ने कहा कि डीम्ड अप्रूवल का कॉन्सेप्ट भी पेश किया गया है ताकि उद्योगों को बिना किसी देरी के समय पर मंजूरियां मिल सकें। यह पंजाब को निवेशक-अनुकूल राज्य बनाने के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान में फास्ट्रैक पंजाब पोर्टल के जरिए 9 विभागों से संबंधित 47 सेवाएं चल रही हैं और प्रभावी समन्वय एवं निगरानी के कारण आवेदनों की पेंडेंसी दर शून्य हो गई है। उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश से उद्योगों के पलायन को पूरी तरह रोक दिया गया है, जिसके चलते 1.40 लाख करोड़ रुपए का नया निवेश आकर्षित हुआ है और विभिन्न क्षेत्रों में लगभग पांच लाख नौकरियों के अवसर पैदा हुए हैं। भगवंत सिंह मान ने बताया कि राज्य सरकार व्यवसाय करने की सुगमता के लिए विभिन्न भागीदारों के साथ निकट समन्वय से काम कर रही है।
युवाओं को उद्योग स्थापित करने में करेंगे मदद
उद्यमिता के महत्व पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने पंजाब के युवाओं से नौकरी ढूंढने वाले बनने की बजाय खुद का उद्यम स्थापित कर नौकरी देने वाले बनने का आह्वान किया। इस सोच के समर्थन में उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उभरते उद्यमियों को वित्तीय सहायता, ऋण और अन्य आवश्यक सुविधाएं प्रदान कर रही है। शिक्षा सुधारों में प्रगति को रेखांकित करते हुए भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब ने अपनी शिक्षा प्रणाली में क्रांतिकारी बदलाव किए हैं ताकि विद्यार्थियों में सकारात्मक, आत्मविश्वासी और प्रगतिशील मानसिकता को प्रोत्साहित किया जा सके और उन्हें जीवन के हर क्षेत्र में नेतृत्व के लिए तैयार किया जा सके।

