Type Here to Get Search Results !

Punjab News Update : पंजाब हर क्षेत्र में देश का प्रतिनिधित्व करने में समर्थ : मान


Punjab News Update (ब्यूरो), चंडीगढ़ : पंजाब के सीएम भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब एक अग्रणी राज्य था और यह हमेशा अग्रणी रहेगा क्योंकि पंजाबियों को कड़ी मेहनत करने का आशीर्वाद प्राप्त है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अपना कर्तव्य बहुत जिम्मेदारी और उत्साह के साथ निभा रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि पंजाब हर क्षेत्र में देश का नेतृत्व करे। भगवंत सिंह मान ने कहा कि वे अगले चुनावों के लिए चिंतित नहीं हैं बल्कि वे अगली पीढ़ी के कल्याण के लिए काम कर रहे हैं, जिसके कारण कई बड़ी पहलें की गई हैं।

पंजाबियों को दुनिया के कई देशों में प्रभाव

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब दुनिया भर में एकमात्र ऐसा राज्य है जिसकी पूरी दुनिया में फ्रेंचाइजी है क्योंकि हर दूसरे देश में पंजाबियों का प्रभाव है। उन्होंने कहा कि पंजाबियों को कड़ी मेहनत करने और सफलता प्राप्त करने का भी आशीर्वाद प्राप्त है जिसके कारण उन्होंने दुनिया में अपने लिए एक अलग स्थान बनाया है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह हम सभी के लिए बहुत गर्व की बात है कि बोइंग में 45 फीसदी इंजीनियर जी.एन.ई., लुधियाना से हैं। उन्होंने कहा कि फ्लिपकार्ट, ओला, मास्टरकार्ड और अन्य के सीईओ भी पंजाबी हैं।

युवा ही राज्य की असली शक्ति

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के नौजवानों को हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने के गुण विरासत में मिले हैं और उनकी क्षमता का सार्थक उपयोग किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी और नौजवान जहाज की तरह हैं और राज्य सरकार उन्हें सपनों की उड़ान भरने के लिए लॉन्चपैड (उपयुक्त मंच) प्रदान करेगी। भगवंत सिंह मान ने स्पष्ट रूप से कहा कि वे तब तक आराम नहीं करेंगे, जब तक पंजाब के नौजवान अपने सपने साकार नहीं कर लेते।

युवाओं में विश्वास का होना बहुत जरूरी

मुख्यमंत्री ने नौजवानों को जीवन में बड़ी सफलता प्राप्त करने के बाद भी जमीन पर टिके रहने और कड़ी मेहनत में विश्वास रखने के लिए प्रेरित किया क्योंकि यही सफलता की एकमात्र कुंजी है। उन्होंने नौजवानों को राज्य में कड़ी मेहनत करने के लिए प्रेरित किया क्योंकि इस धरती पर तरक्की और खुशहाली की बहुत बड़ी संभावनाएं हैं। भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब सरकार राज्य के विकास और लोगों की खुशहाली को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।


 

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.