Type Here to Get Search Results !

विजिलेंस ब्यूरो ने नगर निगम के इंस्पेक्टर को 25 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों किया काबू

 

चंडीगढ़: पंजाब में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने नगर निगम, लुधियाना के जोन-बी में तैनात इंस्पेक्टर शुभम को 25,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों काबू किया है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए राज्य विजिलेंस ब्यूरो के आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी इंस्पेक्टर को लुधियाना के अजीत नगर निवासी एक व्यक्ति की शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है।

प्रवक्ता ने बताया कि शिकायतकर्ता के पिता की मृत्यु के बाद पैतृक संपत्ति उसके और उसके भाइयों के नाम हस्तांतरित करवाने के लिए आवश्यक दस्तावेज नगर निगम, जोन-बी, लुधियाना में जमा करवाए गए थे। ये दस्तावेज संबंधित इंस्पेक्टर शुभम को कार्रवाई के लिए भेजे गए थे।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि पैतृक संपत्ति उसके और उसके भाइयों के नाम हस्तांतरित करने के बदले इंस्पेक्टर शुभम उनसे 25,000 रुपये रिश्वत की मांग कर रहा था।

रिश्वत देने के लिए तैयार नहीं होने पर शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो की लुधियाना रेंज से संपर्क कर मामले की शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया। इस दौरान दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में आरोपी इंस्पेक्टर शुभम को शिकायतकर्ता से 25,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।

प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो के थाना लुधियाना में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.