Type Here to Get Search Results !

चंडीगढ़: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने राज्य भर में अवैध खनन के विरुद्ध मुहिम में और तेजी लाई है। खनन विभाग ने 23 और 24 अक्टूबर की मध्य रात्रि श्री आनंदपुर साहिब की नंगल तहसील के अंतर्गत पड़ने वाले गांव भल्लाण में छापेमारी के दौरान अवैध खनन के लिए इस्तेमाल की जा रही एक पोकलेन मशीन और एक टिपर को जब्त किया। इसके साथ ही अवैध खनन गतिविधियों में शामिल एक व्यक्ति को भी मौके पर पकड़ा गया है। इस कार्रवाई संबंधी जानकारी देते हुए पंजाब के खनन और भू-विज्ञान मंत्री श्री बरिंदर कुमार गोयल ने कहा कि गैर-कानूनी खनन गतिविधियों को रोकने के लिए विभाग द्वारा सख्त निगरानी रखी जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पंजाब के प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करने और निर्धारित कानून के अनुसार खनन गतिविधियां सुनिश्चित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि यह विशेष छापेमारी खास तौर पर खनिजों के अवैध खनन को रोकने और खनन कार्यों में भारी मशीनरी के अनधिकृत उपयोग की जांच करने के लिए की गई। मौके से जब्त की गई मशीनरी और दोषी की गिरफ्तारी विभाग की उक्त कार्रवाई की सफलता का प्रमाण है। उल्लेखनीय है कि इस मामले में संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध माइन्ज़ एंड मिनरल्ज़ (डेवलपमेंट एंड रेगुलेशन) एक्ट, 1957 की धाराओं 4(1) और 21(1) के तहत केस दर्ज किया गया है और कानून के अनुसार अगली कार्रवाई शुरू की गई है। खनन और भू-विज्ञान मंत्री ने स्पष्ट तौर पर कहा, “विभाग अवैध खनन के विरुद्ध अपनी सख्त कार्रवाई जारी रखेगा और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर बनती कानूनी कार्रवाई की जाएगी ताकि राज्य भर में गैर-कानूनी खनन गतिविधियों को रोकने के साथ-साथ कीमती खनिज संसाधनों को सुरक्षित रखा जा सके।”

 

  • पुलिस टीमों ने 175 व्यक्तियों के विरुद्ध एहतियातन कार्रवाई भी की
  • लोग ‘एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन’ नंबर 93946-93946 के माध्यम से गैंगस्टरों के बारे में गुप्त रूप से रिपोर्ट कर सकते हैं
  • ‘युद्ध नशेयां विरुद्ध’ के 602वें दिन 113 नशा तस्कर गिरफ्तार

चंडीगढ़: गैंगस्टरों के विरुद्ध निर्णायक अभियान ‘गैंगस्टरां ते वार’ के 277वें दिन पंजाब पुलिस ने आज पूरे प्रदेश में गैंगस्टरों के साथियों के पहचाने गए और मैप किए गए 527 ठिकानों पर छापेमारी की।

उल्लेखनीय है कि पंजाब को गैंगस्टर-मुक्त प्रदेश बनाने के लिए शुरू किए गए अभियान—’गैंगस्टरों पर वार’— की शुरुआत पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव द्वारा 20 जनवरी, 2026 को की गई थी। प्रदेश के सभी जिलों की पुलिस टीमें, ‘एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स’ पंजाब के समन्वय से, पूरे प्रदेश में विशेष अभियान चला रही हैं।

277वें दिन, पुलिस टीमों ने 223 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया, जिससे इस अभियान की शुरुआत से अब तक कुल गिरफ्तारियों की संख्या 80,458 हो गई है।

इसके अतिरिक्त 175 व्यक्तियों के विरुद्ध एहतियातन कार्रवाई की गई है। पुलिस टीमों ने इस कार्रवाई के दौरान दो फरार अपराधियों को भी गिरफ्तार किया है।

आम लोग, ‘एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन’ नंबर 93946-93946 के माध्यम से वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों के बारे में गुप्त रूप से जानकारी दे सकते हैं और अपराधों या आपराधिक गतिविधियों के बारे में सूचना भी दे सकते हैं।

इस दौरान, पुलिस टीमों ने नशों के विरुद्ध अपना अभियान ‘युद्ध नशेयां विरुद्ध’ 602वें दिन भी जारी रखा। आज 113 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया और उनके पास से 358 ग्राम हेरोइन, 1920 नशीली गोलियां और 3160 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई। इसके साथ ही केवल 602 दिनों में गिरफ्तार किए गए नशा तस्करों की कुल संख्या 87,600 तक पहुंच गई है। नशा मुक्ति अभियान के हिस्से के रूप में, पंजाब पुलिस ने आज 13 व्यक्तियों को नशा छोड़ने और पुनर्वास उपचार करवाने के लिए राजी किया है।
——-

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.