Type Here to Get Search Results !

डॉ. बलजीत कौर ने बाल देखभाल संस्थाओं की बच्चियों के साथ मनाई तीज और राखी

 

चंडीगढ़: पंजाब की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत आज उस समय अपने पूरे रंगों में खिल उठी, जब सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा राज्य भर की बाल देखभाल संस्थाओं की बच्चियों तथा नवजीवनी इंस्टीट्यूट ऑफ स्पेशल एजुकेशन एंड रिसर्च, पटियाला की विशेष योग्यता वाली बच्चियों के लिए “तीज और राखी–सहेलियों का समारोह” का शानदार आयोजन किया गया। पंजाब की सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए बच्चियों के साथ तीज और राखी के पवित्र त्योहार मनाए तथा प्रेम, आपसी सहभागिता, सम्मान और नारी शक्ति का संदेश दिया।

समारोह की भरपूर सराहना करते हुए डॉ. बलजीत कौर ने सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग की निदेशक डॉ. शेना अग्रवाल और पूरी टीम को ऐसा सार्थक एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित करने के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे समारोह न केवल बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाते हैं, बल्कि उनके मन में आत्मविश्वास, अपनत्व और उम्मीद की नई रोशनी भी जगाते हैं।

समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. बलजीत कौर ने कहा, “तीज की खुशी, राखी का प्यार, नारी हमारी शान—सुरक्षा की पहरेदार। आइए हर बेटी का सम्मान करें, उसे सशक्त बनाएं और उसके सुनहरे भविष्य की सामूहिक जिम्मेदारी निभाएं।”

उन्होंने कहा कि तीज नारी की आत्मशक्ति, उम्मीदों, सपनों और जीवन के उत्साह का पर्व है, जबकि राखी आपसी विश्वास, प्रेम और साझा जिम्मेदारी का पावन प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज की बेटियां प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, न्याय और समाज सेवा सहित हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयां छू रही हैं और परिवारों के साथ-साथ समाज की मजबूत नींव भी बन रही हैं।

उन्होंने कहा कि महिलाएं केवल सुरक्षा की हकदार ही नहीं, बल्कि अपने परिवारों और समाज की सच्ची रक्षक भी हैं।

बाल देखभाल संस्थाओं तथा नवजीवनी इंस्टीट्यूट ऑफ स्पेशल एजुकेशन एंड रिसर्च, पटियाला की विशेष योग्यता वाली बच्चियों की भागीदारी का उल्लेख करते हुए मंत्री ने कहा कि यह समारोह उनके भीतर छिपी प्रतिभा को मंच प्रदान करने तथा उनमें नए सपने और नया आत्मविश्वास जगाने की एक अनूठी पहल है। उन्होंने कहा कि हर बच्चा अवसरों का हकदार है और सही मार्गदर्शन तथा प्रोत्साहन मिलने पर वह जीवन की हर चुनौती को पार कर सकता है।

डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार हर बेटी और हर बच्चे को सुरक्षित, स्नेहपूर्ण और अवसरों से भरपूर वातावरण उपलब्ध करवाने के लिए पूरी दृढ़ता से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुरक्षा, समान अवसर और सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना सरकार की प्रमुख प्राथमिकता है, ताकि हर बच्चा अपनी क्षमताओं को पूरी तरह निखार सके।

पंजाबी विरासत के महत्व पर प्रकाश डालते हुए मंत्री ने कहा कि लोक-संगीत, लोकनृत्य और सांस्कृतिक परंपराएं हमारी पहचान की आत्मा हैं, जो नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ती हैं और जीवन में सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करती हैं।

समारोह के दौरान बाल देखभाल संस्थाओं के बच्चों ने पंजाबी लोकनृत्य, त्रिंजन के गीतों और अन्य रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से पूरे वातावरण को जीवंत और खुशनुमा बना दिया। बच्चों के आत्मविश्वास, हुनर और उत्साह ने उपस्थित लोगों को भावुक भी किया और प्रभावित भी।

समारोह स्थल को पारंपरिक पंजाबी गांव का रूप दिया गया था, जहां फुलकारियां, चरखे, हस्तशिल्प की वस्तुएं और ग्रामीण संस्कृति की झलकियां आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। यह मनमोहक दृश्य पंजाब की समृद्ध विरासत और लोक-संस्कृति का जीवंत प्रतिबिंब बनकर उभरा।

बच्चियों के साथ आत्मीय संवाद करते हुए डॉ. बलजीत कौर ने उन्हें तीज और राखी की शुभकामनाएं दीं तथा आह्वान किया कि वे अपनी मिट्टी, मातृभाषा और संस्कृति से जुड़े रहते हुए शिक्षा तथा जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में नई मंजिलें हासिल करें। उन्होंने सभी महिलाओं से भी अपील की कि वे अपनी आंतरिक शक्ति को पहचानें, रूढ़िवादी सोच से ऊपर उठें और आत्मविश्वास के साथ समाज की प्रगति में अपना योगदान दें।

मंत्री ने इस यादगार समारोह को सफल बनाने वाली बच्चियों, कलाकारों, देखभाल करने वाले स्टाफ, आयोजकों और विभागीय अधिकारियों की भरपूर सराहना की। समारोह का समापन लोकगीतों और गिद्दा की मनमोहक प्रस्तुतियों के साथ हुआ, जिसने प्रत्येक उपस्थित व्यक्ति के मन पर बेटियों के सम्मान, बाल कल्याण, सांस्कृतिक गौरव और पंजाब सरकार की जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता की अमिट छाप छोड़ी।

इस समारोह के दौरान प्रमुख महिला अधिकारियों और विशिष्ट हस्तियों ने भी शिरकत की। उपस्थित प्रमुख अधिकारियों में सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक विभाग की विशेष मुख्य सचिव श्रीमती राजी पी. श्रीवास्तव (आई.ए.एस.), प्रमुख सचिव श्रीमती राखी गुप्ता भंडारी (आई.ए.एस.), श्रीमती भावना गर्ग (आई.ए.एस.), श्रीमती हरगुणजीत कौर (आई.ए.एस.) और श्रीमती विम्मी भुल्लर (आई.ए.एस.) विशेष रूप से शामिल हुईं।
इसके अलावा अन्य प्रमुख हस्तियों तथा सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी समारोह में उपस्थित होकर बच्चियों का उत्साहवर्धन किया।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.