Type Here to Get Search Results !

विद्यार्थियों के खिलाफ NSA लगाना निंदनीय: राजा वड़िंग

 

  • सवाल: क्या विद्यार्थी देश की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा हैं?

चंडीगढ़: पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों के खिलाफ सख्त और विवादास्पद नैशनल सिक्योरिटी एक्ट (एनएसए) लागू करने के फैसले की कड़े शब्दों में निंदा की है।

इस दौरान उन्होंने सवाल किया कि क्या सरकार वास्तव में विद्यार्थियों को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा मानती है, जबकि वे केवल नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार हो रहे पेपर लीक के मामलों में कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

वड़िंग ने जोर देते हुए, कहा कि सरकार को असहमति की आवाज़ों को सुनने के बजाय उन्हें दबाने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे कठोर और दमनकारी कानूनों का इस्तेमाल अंततः सरकार पर ही उल्टा पड़ेगा और इसके परिणाम भी उसे ही भुगतने होंगे।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार के खिलाफ लोगों में पहले से मौजूद गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है और हजारों की संख्या में लोग इस आंदोलन से जुड़ रहे हैं। उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस पार्टी प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों के साथ मजबूती से खड़ी है और सड़कों से लेकर संसद के भीतर तक उनकी आवाज़ बुलंद करेगी।

वड़िंग ने कहा कि एनएसए लागू करने का फैसला केवल यह दर्शाता है कि मोदी सरकार घबराहट और बेचैनी में है तथा भीतर से कमजोर हो चुकी है। उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि जब भी तानाशाही सरकारों ने ऐसे कठोर और दमनकारी कदम उठाए हैं, उन्होंने अपने पतन को ही तेज किया है। उन्होंने सरकार को चेतावनी दी कि वह विद्यार्थियों के खिलाफ दमनकारी कानूनों का इस्तेमाल करने से परहेज करे।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.