Type Here to Get Search Results !

हरियाणा के इस जिले में देर रात एनकाउंटर, चार-चार राउंड चली गोलियां…दो बदमाश घायल

 

रेवाड़ी : रेवाड़ी जिले में देर रात पुलिस और कुख्यात बदमाशों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। इस दौरान दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग हुई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दो बदमाशों को गोली मारकर घायल कर दिया, जबकि एक सब-इंस्पेक्टर भी बदमाशों की गोली का निशाना बने। हालांकि उन्होंने बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी, जिससे उनकी जान बच गई।

जानकारी के अनुसार, CIA धारूहेड़ा को सूचना मिली थी कि जड्थल क्षेत्र में कुछ बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर CIA टीम ने इलाके में घेराबंदी कर संदिग्धों का पीछा किया। खुद को चारों तरफ से घिरा देख बदमाश मोहन और गोविंद उर्फ झम्मन ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से करीब चार-चार राउंड गोलियां चलीं। पुलिस की जवाबी फायरिंग में मोहन और गोविंद उर्फ झम्मन के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें काबू कर रेवाड़ी के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। मुठभेड़ के दौरान सब-इंस्पेक्टर फखरुद्दीन को भी गोली लगी, लेकिन उन्होंने बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी। गोली जैकेट में लगने से उनकी जान बच गई और बड़ा हादसा टल गया। यह पूरी कार्रवाई CIA धारूहेड़ा प्रभारी योगेश के नेतृत्व में की गई।

पुलिस के अनुसार, घायल बदमाश मोहन (निवासी बोलनी) और गोविंद उर्फ झम्मन (निवासी राजस्थान) पर हत्या, लूट, फिरौती समेत संगीन धाराओं में आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि 28 जून को मोहन, उसके साथी प्रवीण और गोविंद उर्फ झम्मन ने गांव बखापुर निवासी रतिराम पर तीन राउंड फायरिंग की थी। इसी मामले में भी पुलिस को उनकी तलाश थी। देर रात ट्रॉमा सेंटर पहुंचे डीएसपी सुरेंद्र श्योराण ने बताया कि CIA टीम बदमाशों का पीछा कर रही थी। इसी दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। डीएसपी ने कहा कि पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र मीणा के नेतृत्व में रेवाड़ी पुलिस अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार सख्त अभियान चलाए जा रहे हैं।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.