
नेशनल डेस्क: देश में एक बार फिर से कोरोना अपने पैर पसार रहा है। अब आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में कोविड के नए केस सामने आए हैं। इसके बाद से स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट हो गया है। बीते कुछ हफ्तों (26 जून से 16 जुलाई के बीच) में राज्य में कोरोना के 12 नए मरीजों की पुष्टि हुई है। राहत और सावधानी के बीच, स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित इलाकों में सुरक्षात्मक कदम उठाने शुरू कर दिए हैं।
कडप्पा जिले में विशेष तैयारियां
राज्य में सबसे ज्यादा मामले कडप्पा जिले से सामने आए हैं, जहाँ 7 लोग संक्रमित पाए गए हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत कदम उठाए हैं और कडप्पा के रिम्स (RIMS) अस्पताल में एक विशेष कोविड आइसोलेशन वार्ड तैयार कर दिया है, ताकि संक्रमितों का सही तरीके से इलाज किया जा सके।
स्वास्थ्य आयुक्त का बयान
इस बीच, राज्य के स्वास्थ्य आयुक्त ने जनता से पैनिक (घबराने) न होने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ये सभी मामले अलग-अलग क्षेत्रों से रिपोर्ट हुए हैं और यह किसी भी प्रकार का ‘कम्युनिटी क्लस्टर’ (एक ही जगह से फैलने वाला संक्रमण) नहीं है।
