Type Here to Get Search Results !

विदेश में बैठे गैंगस्टरों का Ludhiana कनेक्शन बेनकाब, कारोबारी पर हमले से पहले 2 शूटर गिरफ्तार

 

लुधियाना : कमिश्नरेट पुलिस ने डौनी बल्ल और अर्श बग्गा गैंग के 2 शूटरों को काबू कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इनके कब्जे से 2 पिस्टल, 9 जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। उक्त खुलासा एसीपी सिविल लाइन सरबजीत सिंह चीमा और थाना डिवीजन नंबर 5 के प्रभारी हमराज सिंह ने किया।

जानकारी देते हुए एसीपी चीमा ने बताया कि डिवीजन नंबर 5 के प्रभारी हमराज सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि विदेश में बैठे डौनी बल्ल और अर्श बग्गा अपने गुर्गों के जरिए पंजाब सहित अन्य राज्यों में फिरौती, लूटपाट सहित अन्य आपराधिक वारदातों को अंजाम देने की फिराक में हैं।

इसके बाद पुलिस ने गैंग के सदस्य सुखविंदर सिंह उर्फ नीला और राजवीर सिंह उर्फ राजी को उस समय काबू किया, जब वे किसी कारोबारी पर हमला करने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने 16 जून को सुखविंदर सिंह उर्फ नीला को कॉलोनी नंबर 6 से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक पिस्टल और 3 जिंदा कारतूस बरामद किए।

सुखविंदर सिंह से पूछताछ के दौरान राजवीर के बारे में पता चला। इसके बाद पुलिस ने राजवीर सिंह उर्फ राजी को अयाली चौक के नजदीक से काबू किया। उसके कब्जे से एक पिस्टल, 6 जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई।
प्रभारी हमराज सिंह ने बताया कि पूछताछ के दौरान पता चला है कि दोनों आरोपी गैंगस्टर डौनी बल्ल और अर्श बग्गा गैंग के काफी करीबी हैं। गैंगस्टर इन गुर्गों को टास्क देकर वारदातों को अंजाम देने के लिए तैयार कर रहे थे। पकड़े गए दोनों गुर्गों के खिलाफ पहले से भी अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं।

सोशल मीडिया के जरिए गैंगस्टरों से जुड़े थे दोनों शूटर
पकड़े गए दोनों शूटर सोशल मीडिया के जरिए डौनी बल्ल और अर्श गैंग से जुड़े थे। गैंगस्टरों ने उन्हें पिस्टल और पैसों का लालच देकर वारदातों को अंजाम देने के लिए तैयार किया था।

इसी तरह महानगर के कितने बदमाश इस गैंग से जुड़े हुए हैं, पुलिस अब इस बात का भी पता जुटाने में लगी हुई है। वहीं, विदेश में बैठे दोनों गैंगस्टर डौनी बल्ल और अर्श बग्गा 2022 से चर्चा में हैं। इनके खिलाफ पंजाब, हरियाणा सहित कई अन्य राज्यों में 50 से अधिक केस दर्ज हैं। इनमें सुपारी किलिंग, फिरौती, इरादा-ए-कत्ल, लूटपाट सहित अन्य आपराधिक धाराओं के तहत मामले शामिल हैं।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.