Type Here to Get Search Results !

लुधियाना में चली गोलियां! 10 हजार रुपए के विवाद में परिवार पर ताबड़तोड़ फायरिंग

 

लुधियाना : महानगर के गयासपुरा (थाना साहनेवाल) इलाके में मात्र 10 हजार रुपए के लेन-देन के विवाद में सरेराह अंधाधुंध फायरिंग करने और एक पूरे परिवार को जान से मारने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। उधार दिए पैसे वापस मांगने से नाराज एक युवक ने अपने साथियों और नामी बदमाशों को हथियार समेत मौके पर बुलाकर पीड़ित, उसके पिता, चाचा और माता पर सीधे गोलियां बरसा दीं। गनीमत रही कि इस जानलेवा हमले में परिवार के सदस्य बाल-बाल बच गए। मुस्तैद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के मुख्य मास्टरमाइंड सहित तीन आरोपियों को पिस्तौल, जिंदा कारतूस, चले हुए खोल और वारदात में इस्तेमाल होंडा कार सहित गिरफ्तार कर लिया है।

6 महीने पहले अपने दोस्त को ब्याज पर दिए थे उधार
पुलिस को दिए बयानों में पीड़ित शिकायतकर्ता गुरिंदर सिंह ने बताया कि उसने करीब छह महीने पहले अपने दोस्त सागर को ब्याज पर ₹10,000 की नकदी उधार दी थी। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब सागर ने पैसे वापस नहीं किए, तो गुरिंदर की उसके साथ बहस हो गई। इसी रंजिश के चलते बीती 20 जून को आरोपी सागर ने पीड़ित की इंस्टाग्राम आईडी पर बेहद गंदी और अश्लील गालियां लिखीं। जब पीड़ित ने फोन करके इसका विरोध किया, तो सागर ने उसे सबक सिखाने के लिए अपने घर के पीछे वाली गली में मिलने के लिए बुलाया। शिकायतकर्ता जब अपनी एक्टिवा पर सवार होकर वहां पहुंचा, तो आरोपी सागर एक लाल रंग की होंडा कार में अपने साथ 5-6 अज्ञात नौजवान लड़कों को लेकर खड़ा था। कार से उतरते ही उन्होंने गुरिंदर से बहस और मारपीट शुरू कर दी। माहौल बिगड़ता देख जब पीड़ित अपनी एक्टिवा मोड़कर घर की तरफ भागने लगा, तो आरोपियों ने कार से उसका पीछा किया और उसे सरेराह चारों तरफ से घेर लिया। खुद को घिरता देख गुरिंदर ने तुरंत फोन करके अपने पिता, माता और चाचा को मौके पर बुला लिया। पीड़ित के परिवार को आता देख आरोपी सागर ने तुरंत फोन करके अपने साथी बदमाश निखिल शर्मा को भारी हथियारों के साथ मौके पर बुलाया।

अवैध हथियारों से लैस थे आरोपी
कुछ ही मिनटों में आरोपी निखिल और उसके अन्य साथी एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार में सवार होकर पहुंचे, जो पूरी तरह से अवैध हथियारों से लैस थे। आरोपियों ने कार से उतरते ही जान से मारने की नीयत से पीड़ित गुरिंदर सिंह, उसके पिता, माता और चाचा पर सीधी ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। गोलियों की आवाज से पूरी गली में चीख-पुकार मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हवा में हथियार लहराते हुए और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गए। इस खौफनाक वारदात की सूचना मिलते ही थाना साहनेवाल की पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना करने के बाद पीड़ित परिवार के बयानों पर जानलेवा हमले, आर्म्स एक्ट और दंगा भड़काने की संगीन धाराओं के तहत केस दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीमों ने नाकाबंदी कर छापेमारी शुरू की दौरान-ए-तफ्तीश पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए तीन मुख्य आरोपियों को दबोच लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान निखिल शर्मा, विशाल राणा उर्फ मनी, सागर वर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल 01 पिस्तौल, 3 चले हुए कारतूसों के खोल और वारदात में इस्तेमाल लाल रंग की होंडा कार बरामद कर ली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस वारदात में शामिल स्विफ्ट कार सवार अन्य 7-8 अज्ञात हमलावरों की पहचान कर ली गई है और उन्हें भी गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.