Type Here to Get Search Results !

पोलिंग बूथ पर कब्ज़ा करने की बात करने वाले शुतराना से विधायक के खिलाफ कार्रवाई की जाए: वड़िंग

 

चंडीगढ़: पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने शुतराना से आम आदमी पार्टी के विधायक कुलवंत सिंह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, जिन्होंने सार्वजनिक रूप से कहा है कि यदि लोग उन्हें वोट नहीं देंगे, तो वह नगर समिति चुनावों के दौरान पोलिंग बूथ को अंदर से बंद कर देंगे।

वड़िंग ने कहा कि यह बेहद हैरान करने वाली और शर्मनाक बात है व पंजाब में लोकतंत्र की हत्या करने का प्रयास है कि शुतराना से आप विधायक द्वारा खुले तौर पर स्थानीय निकाय चुनावों के दौरान बूथ कब्जाने की बात कही गई है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि यह भगवंत मान सरकार का असली चेहरा बेनकाब करता है। उन्होंने कहा कि यह साम, दाम, दंड, भेद की खतरनाक राजनीति है, जिसे अब सत्ता के दुरुपयोग के माध्यम से पंजाब में संस्थागत रूप दिया जा रहा है।

उन्होंने याद दिलाया कि पंजाब के लोगों से साफ सुथरी राजनीति का वादा किया गया था, लेकिन आज वे दिल्ली मॉडल की राजनीतिक दबंगई और चुनावी हेरफेर को पंजाब में दोहराया जाता देख रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या भगवंत मान पंजाब में भी वही रणनीति लागू करने की कोशिश कर रहे हैं? मुख्यमंत्री अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकते।

वड़िंग ने जोर देते हुए, कहा कि मुख्यमंत्री की चुप्पी संदेहों को और मजबूत करेगी। वह लोकतांत्रिक मूल्यों पर इस शर्मनाक हमले की कड़ी निंदा करते हैं और चुनाव आयोग से मांग करते हैं कि वह इस मामले का तत्काल संज्ञान ले, विस्तृत जांच कराए और इसमें शामिल सभी लोगों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करे।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.