Type Here to Get Search Results !

कांग्रेसी नेता को गैंगस्टर से फोन करवाने वाले डीएसपी को बर्खास्त किया जाए: वड़िंग

 

फिरोजपुर में कांग्रेस उम्मीदवारों को नामांकन पत्र दाखिल करने से रोकने की घटना आई सामने

चंडीगढ़ : पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कांग्रेस उम्मीदवार आशु बांगड़ को डराने और धमकाने के लिए गैंगस्टर सेखों से फोन करवाने वाले करण नामक डीएसपी को बर्खास्त किए जाने की मांग की है।

इस बारे में खुलासा करते हुए, वड़िंग ने कहा कि आशु बांगड़ फिरोजपुर में निकाय चुनावों के लिए कांग्रेस उम्मीदवारों के नामांकन पत्र दाखिल करवाने के लिए उनके साथ गए हुए थे। उन्होंने कहा कि ‘सेखों’ नामक गैंगस्टर और उसके साथी बांगड़ को डराने की कोशिश कर रहे थे और कांग्रेस उम्मीदवारों के साथ नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए न जाने की चेतावनी दे रहे थे। इस दौरान बांगड़ के लिए हैरानी की बात यह थी कि डीएसपी करण ने ही गैंगस्टर सेखों की उससे बात करवाई।

इस दौरान वड़िंग ने मांग की है कि संबंधित डीएसपी को तुरंत नौकरी से बर्खास्त किया जाए और उसके खिलाफ सख्त कानूनी धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की जाए। उन्होंने कहा कि अब केवल कुछ महीनों की ही बात है, जब पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनेगी और डीएसपी करण जैसे अधिकारियों को न सिर्फ नौकरी से निकाला जाएगा, बल्कि कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई भी की जाएगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस लगातार इस बात पर जोर देती आ रही है कि पुलिस की गैंगस्टरों के साथ मिलीभगत है और डीएसपी करण ने आज इसे साबित कर दिया है।

उन्होंने सवाल किया कि अगर पंजाब पुलिस की गैंगस्टरों के साथ मिलीभगत नहीं थी, तो फिर लॉरेंस बिश्नोई का का जेल के अंदर से टेलीविजन इंटरव्यू कैसे होने दिया गया।

वड़िंग ने खुलासा किया कि नामांकन पत्र दाखिल करने जा रहे कांग्रेस उम्मीदवारों पर हमला किया गया और एक महिला उम्मीदवार को इतनी बेरहमी से पीटा गया कि उसकी दोनों टांगें टूट गईं।

उन्होंने सरकार और पुलिस को चेतावनी देते हुए, दोहराया कि कुछ महीनों बाद हर किसी से हिसाब लिया जाएगा। इस दौरान उन्होंने गैंगस्टरों, सरकार और पुलिस की धक्केशाही के खिलाफ डटकर मुकाबला करने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बधाई भी दी।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.