Type Here to Get Search Results !

‘कांग्रेस वाले भौं-भौं करते हैं, वे विकास नहीं कर सकते’, राव इंद्रजीत ने विपक्ष पर जमकर साधा निशाना

 

रेवाड़ी (महेंद्र भारती) : केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने भाजपा प्रत्याशी के चुनाव कार्यालय के उद्घाटन के दौरान अपने संबोधन में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस को लेकर विवादित टिप्पणी करते हुए कहा कि “कांग्रेस वाले भौं-भौं करते हैं, वे विकास नहीं कर सकते।

उन्होंने जनता से सवाल करते हुए कहा कि यदि नगर परिषद में कांग्रेस का चेयरपर्सन चुना जाता है, तो उनकी बात कौन सुनेगा, जबकि केंद्र और प्रदेश दोनों में भाजपा की सरकार है। उन्होंने रेवाड़ी के वास्तविक विकास के लिए भाजपा प्रत्याशी को विजयी बनाने की अपील की।

इस दौरान राव इंद्रजीत सिंह अपनी ही सरकार की कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेस-वे पर प्रस्तावित पंच महाग्राम योजना के खिलाफ भी मुखर नजर आए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वह इस परियोजना को KMP पर नहीं बनने देंगे। उन्होंने यह भी जोड़ा कि यदि इस मुद्दे को लेकर उन्हें प्रधानमंत्री तक भी जाना पड़े, तो वह पीछे नहीं हटेंगे। नगर परिषद टिकट वितरण के दौरान विधायक को लेकर दिए गए कथित “थूक कर चाटने” वाले बयान पर उन्होंने सफाई देते हुए इसे महज अफवाह बताया और कहा कि उन्होंने कभी इस तरह की भाषा का प्रयोग नहीं किया।

राव इंद्रजीत ने यह भी स्वीकार किया कि पिछले पांच वर्षों के नगर परिषद कार्यकाल में गड़बड़ियां हुई हैं। भ्रष्टाचार और लापरवाही को रोकने के लिए उन्होंने घोषणा की कि इस बार वह स्वयं नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर नजर रखेंगे और साल में कम से कम पांच बार हाउस की बैठकों में शामिल होंगे। गुरुग्राम में सीनियर और डिप्टी मेयर चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि अभी सलाह-मशविरा जारी है और चुनावी व्यस्तता के कारण इसमें देरी हुई है।

 

साथ ही उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं से एकजुट होकर चुनाव लड़ने का आह्वान किया। बता दें कि रेवाड़ी नगर परिषद में चेयरपर्सन पद के लिए कुल छह प्रत्याशी मैदान में हैं। कांग्रेस से नेहारिका चौधरी चुनाव लड़ रही हैं, जबकि भाजपा ने विनिता पीपल को उम्मीदवार बनाया है। इसके अलावा शकुंतला भांडोरिया, डॉ. मीनू डहीनवाल, आशा जड़ोदिया और दीपिका पंवार निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनावी मैदान में हैं।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.