Type Here to Get Search Results !

नशीले पदार्थ और अवैध हथियार तस्करी रैकेट से जुड़े तीन व्यक्ति गिरफ्तार; 6.5 किलोग्राम हेरोइन, पिस्तौल और 1 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद

 

—  प्रारंभिक जांच के अनुसार नेटवर्क के भीतर सक्रिय ऑपरेटरों को हथियार सप्लाई किए जा रहे थे: गौरव यादव

— बटाला में जबरन वसूली से संबंधित फायरिंग की घटना में गिरफ्तार आरोपियों से लगातार पूछताछ के बाद मिली यह सफलता

चंडीगढ़/बटाला:मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों के तहत पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए बटाला पुलिस ने 6.5 किलोग्राम हेरोइन, एक .30 कैलिबर पिस्तौल, छह जिंदा कारतूस और 1 लाख रुपये की ड्रग मनी सहित एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर सीमा पार से संचालित नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों के तस्करी रैकेट का पर्दाफाश किया है। यह जानकारी आज यहां पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने दी।

गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान निशान सिंह निवासी मूलियांवाल (बटाला), रविपाल सिंह निवासी रायपुर और एक नाबालिग के रूप में हुई है। नशीले पदार्थ और ड्रग मनी की बरामदगी के अलावा पुलिस टीमों ने उनकी टोयोटा फॉर्च्यूनर कार भी जब्त कर ली है।

यह सफलता 30 मार्च 2026 को बटाला के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में हुई जबरन वसूली से संबंधित फायरिंग की घटना में गिरफ्तार आरोपियों वंश और सुखचैन उर्फ जशन से लगातार पूछताछ और मामले की गहन जांच के बाद हासिल हुई है। उल्लेखनीय है कि उनके कब्जे से दो .30 बोर पिस्तौल बरामद किए गए थे।

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि नशीले पदार्थों और हथियारों की बरामदगी जबरन वसूली, ड्रग तस्करी और अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क के बीच मजबूत गठजोड़ को उजागर करती है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि हथियार नेटवर्क के भीतर काम कर रहे ऑपरेटरों को सप्लाई किए जा रहे थे।

डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल (डीआईजी) बॉर्डर रेंज संदीप गोयल ने बताया कि जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी अपने विदेशी हैंडलर के निर्देशों पर काम कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस मामले के आगे-पीछे के संबंध स्थापित करने के लिए जांच जारी है, ताकि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।

इस ऑपरेशन के बारे में जानकारी देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बटाला महिताब सिंह ने बताया कि जांच के दौरान आरोपी वंश और सुखचैन ने खुलासा किया था कि उन्हें संदिग्ध व्यक्तियों—एक नाबालिग और रविपाल—से हथियार प्राप्त हुए थे। उनके खुलासे के आधार पर पुलिस टीमों ने रविपाल सिंह और उसके नाबालिग साथी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया, जिसने हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी में सहयोग करने की बात कबूल की।

एसएसपी ने कहा, “आरोपी रविपाल ने खुलासा किया कि उसने अपने विदेशी हैंडलर के निर्देश पर निशान सिंह को एक खेप डिलीवर की थी।” इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने अमृतसर के कमला देवी एवेन्यू के पास निशान सिंह की फॉर्च्यूनर कार को रोका और उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 6.5 किलोग्राम हेरोइन, एक .30 कैलिबर पिस्तौल, 6 जिंदा कारतूस और 1 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई।

इस संबंध में एफआईआर नंबर 103, दिनांक 31/03/2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109 और 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत बटाला के सिविल लाइंस थाना में पहले ही दर्ज की जा चुकी है।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.