Type Here to Get Search Results !

Punjab Breaking News : रूस में लापता 12 भारतीयों के बारे पता लगाए सरकार : सींचेवाल

Punjab Breaking News, दिल्ली/चंडीगढ़ : रूस में लापता उन 12 भारतीयों का पता लगाने की पंजाब सांसद संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने भारतीय सरकार से मांग की है जिन्हें जबरन रूसी सेना में भर्ती किया गया। ये सभी युवक रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध के दौरान लापता हो गए थे। संसद में प्रश्नकाल के दौरान विदेश मंत्रालय से रूस की सेना में फंसे भारतीयों का मुद्दा गंभीरता से उठाया।

संत सीचेवाल ने विदेश मंत्रालय से पूछा कि रूस में फंसे भारतीय नागरिकों के बारे में विस्तृत जानकारी क्यों उनके परिवारों तक नहीं पहुंच रही? उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि इन भारतीय नागरिकों को मदद उपलब्ध कराने, उनकी सुरक्षित वापसी, यात्रा प्रबंध और विदेश में कानूनी सहायता जैसे संवेदनशील मामलों में सरकार क्या कदम उठा रही है? साथ ही उन्होंने यह भी पूछा कि रूस में फंसे भारतीय नागरिकों की वापसी में सरकार को किन बाधाओं का सामना करना पड़ रहा है और उन्हें दूर करने के लिए क्या कार्रवाई की जा रही है?

रूसी सेना कर चुकी है पुष्टि

संसद के मानसून सत्र में संत सींचेवाल के इस लिखित प्रश्न का उत्तर देते हुए विदेश मंत्रालय के केंद्रीय राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने बताया कि रूसी सशस्त्र सेनाओं में 127 भारतीय नागरिक मौजूद थे। इनमें से 98 लोग वापस आ चुके हैं, जबकि 13 भारतीय नागरिक अब भी रूसी सशस्त्र सेनाओं में हैं, जिनमें से 12 भारतीयों के रूसी पक्ष द्वारा लापता होने की पुष्टि की गई है।

उल्लेखनीय है कि पूर्व में संत सीचेवाल ने दो परिवारों के सदस्यों को मास्को जाने के लिए टिकटें भी दिलवाई थीं, जिनके परिजन रूसी सेना में भर्ती थे। इन दो युवकों को रूस में कोई परेशानी न हो, इसके लिए भारतीय दूतावास के नाम संत सीचेवाल ने पत्र भी लिखा था, ताकि इन युवकों की मदद की जा सके और वे अपने परिजनों को खोज सकें।

 

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.