Type Here to Get Search Results !

सहेली ने दिया धोखा: विदेश में नौकरी का लालच... भूखा रही, ओमान से लौटी गरीब घर की बेटी ने सुनाई आपबीती


अपने से ज्यादा दूसरों पर विश्वास करना खतरनाक साबित हो सकता है। ऐसा ही कुछ हुआ है पंजाब के कपूरथला की एक युवती के साथ, जिसने अपनी सहेली की बातों पर विश्वास किया और नौकरी के लालच में विदेश चली गई। 

ओमान गई युवती ने वहां यातनाएं झेली। भूखी रही। यहां तक कि उसका शोषण भी हुआ। अरब देशों में युवतियों पर हो रहे अत्याचार की दर्द भरी दास्तां लेकर लौटी युवती ने अपनी आपबीती सुनाई है। कपूरथला की एक युवती को उसकी ही सहेली ने नौकरी का झांसा देकर मस्कट और खुद वहां से निकलने के लिए युवती को ओमान बुला लिया। पीड़िता ने वतन लौटने के बाद बाद अपनी दर्दनाक आपबीती साझा की। 

राज्यसभा सांसद व पर्यावरण प्रेमी संत बलबीर सिंह सीचेवाल के प्रयासों से ही युवती सुरक्षित अपने वतन अपने परिवार के पास लौट पाई है। गरीब घर की बेटी ने बताया कि उसकी सहेली जानती थी कि उसके घर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। इसका फायदा उठाकर उसने अच्छे वेतन और सैलून में काम देने का लालच देकर ओमान बुलाया था। लेकिन उसे बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था कि वहां उसके साथ क्या होने वाला है। युवती ने ओमान में जो कुछ झेला वह उसके लिए कभी न भूलने वाला सदमा है।

निर्मल कुटिया, सुल्तानपुर लोधी में संत सीचेवाल से मिलकर पीड़िता ने खुलासा किया कि वहां के हालात लड़कियों के रहने लायक नहीं हैं। उससे वहां जिस काम के लिए नौकरी पर रखा गया था उसके अलावा भी अलग से घरेलू काम करवाया गया। दिनभर काम कराने के बावजूद खाना तक नहीं दिया जाता था। उसके साथ बेहद अमानवीय व्यवहार किया गया।  


जैसे ही वह ओमान पहुंची, उसका मोबाइल छीन लिया गया और वेतन देने की बजाय उसके पास जो भी रुपये थे वो भी ले लिए गए। जहां उसे रखा गया था, वहां कई अन्य लड़कियां भी थीं जो वतन लौटने की उम्मीद तक छोड़ चुकी हैं। पीड़िता ने अन्य लड़कियों से अपील की कि वे किसी के कहने में आकर अरब देशों में नौकरी के लिए न जाएं।  

पीड़िता के साथ पहुंचे उसके परिजनों ने संत बलबीर सिंह सीचेवाल का आभार जताया और कहा कि अगर समय रहते उन्होंने कार्यवाही न की होती, तो उनकी बेटी का वीजा बढ़ाकर उसे दो वर्षों तक बंदी बनाकर रखा जा सकता था।  

इस अवसर पर संत सीचेवाल ने कहा कि जब तक ऐसी घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोहों पर सख्ती से कार्रवाई नहीं की जाएगी, तब तक इन घटनाओं को रोका नहीं जा सकता। उन्होंने विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावास का धन्यवाद किया और पंजाब के लोगों से अपील की कि ऐसे गिरोहों से सावधान रहें, जो मजबूरी और गरीबी का फायदा उठाकर लड़कियों को अरब देशों में फंसा रहे हैं।

 

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.