Type Here to Get Search Results !

नायक समाज को एससी का दर्जा दिलाने के लिए पंजाब सरकार ने प्रक्रिया तेज की: डॉ. बलजीत कौर

 

चंडीगढ़ : पंजाब विधानसभा में फाजिल्का विधानसभा क्षेत्र के विधायक स.नरेंद्र पाल सिंह सवना द्वारा पूछे गए प्रश्न के उत्तर में सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि पंजाब सरकार नायक समाज को अनुसूचित जाति (एससी) का दर्जा दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है और इस संबंध में निर्धारित प्रक्रिया पूरी करके जल्द ही केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजेगी।

डॉ. बलजीत कौर ने सदन को जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी समुदाय को अनुसूचित जाति का दर्जा देने के लिए उसकी सामाजिक, आर्थिक, ऐतिहासिक और भौगोलिक स्थिति का विस्तृत अध्ययन किया जाता है। इस दौरान संबंधित समुदाय से जुड़े सामाजिक पहलुओं, पारंपरिक स्थिति तथा सामाजिक भेदभाव या छुआछूत जैसे मुद्दों का भी आकलन किया जाता है।

उन्होंने कहा कि इस संबंध में डिप्टी कमिश्नर स्तर पर तैयार की गई विस्तृत रिपोर्टों और सहायक दस्तावेजों के आधार पर राज्य सरकार द्वारा मामले को आगे बढ़ाया जाता है। डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा सभी डिप्टी कमिश्नरों की रिपोर्ट प्राप्त करने तथा आवश्यक सहायक दस्तावेजों सहित प्रस्ताव जल्द ही केंद्र सरकार को भेजा जाएगा।

मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा प्रस्ताव भेजे जाने के बाद केंद्र सरकार इस मामले को आगे की जांच और विचार के लिए भारत के रजिस्ट्रार जनरल (आरजीआई) तथा इसके बाद राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के पास भेजती है। केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के तहत समुदाय की सामाजिक, आर्थिक और अन्य संबंधित परिस्थितियों का विस्तृत अध्ययन करने के बाद ही किसी समुदाय को अनुसूचित जाति का दर्जा देने के संबंध में निर्णय लिया जाता है।

पंजाब सरकार सामाजिक समानता, न्याय और प्रत्येक वर्ग के सम्मानजनक जीवन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री स भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा वंचित और पिछड़े वर्गों के हितों की रक्षा के लिए लगातार ठोस प्रयास किए जा रहे हैं।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.