Type Here to Get Search Results !

अमृतसर में तीन नाबालिगों सहित 7 व्यक्ति काबू ; एक हैंड ग्रेनेड, दो पिस्तौल और 3.4 किलोग्राम हेरोइन बरामद

 

चंडीगढ़/अमृतसर: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों के अनुसार पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने दो अलग-अलग अभियानों के दौरान तीन नाबालिगों सहित सात व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक हैंड ग्रेनेड, दो .30 बोर पिस्तौल, 29 जिंदा कारतूस और 3.4 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। इस कार्रवाई से नशीले पदार्थों, हथियारों और विस्फोटक सामग्री की तस्करी करने वाले नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। यह जानकारी पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने आज यहां दी।

पहली कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय (28), निवासी मुढ़ खोखर, और रॉबिन मसीह उर्फ नोनी (22), निवासी सुल्तानविंड, के रूप में हुई है। दूसरी कार्रवाई में तीन 17 वर्षीय नाबालिगों सहित गुरलाल सिंह (20) और रशपाल सिंह (18), दोनों निवासी लोपोके, को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा, पुलिस टीमों ने उनका बिना पंजीकरण वाला एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त किया है।

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी कथित तौर पर विदेश में बैठे तस्करों के निर्देश पर हथियारों की तस्करी कर उनकी आगे आपूर्ति कर रहे थे। उन्होंने बताया कि इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने और इसके आगे-पीछे के संबंधों का पता लगाने के लिए आगे की जांच की जा रही है।

पहली कार्रवाई के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी), बॉर्डर रेंज, गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि अमृतसर ग्रामीण पुलिस को पुख्ता सूचना मिली थी कि अजय नामक एक संदिग्ध व्यक्ति ने विदेश में बैठे गैंगस्टरों के निर्देश पर सीमा पार से ड्रोन के जरिए गिराई गई हेरोइन और अवैध हथियारों की खेप प्राप्त की है, ताकि इन्हें आगे सप्लाई किया जा सके।

उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने एक केंद्रीय एजेंसी के साथ समन्वय स्थापित कर मानावाला क्षेत्र में विशेष नाकाबंदी की। इस दौरान स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर जा रहे अजय और उसके साथी रॉबिन मसीह को काबू कर लिया गया। उन्होंने आगे बताया कि मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे अजय के पास मौजूद बैग की तलाशी लेने पर लगभग 3.4 किलोग्राम हेरोइन और एक .30 बोर पिस्तौल सहित 19 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

दूसरी कार्रवाई के संबंध में उन्होंने बताया कि दशहरे के त्योहार के अवसर पर गश्त के दौरान सीआईए और थाना लोपोके के एसएचओ की संयुक्त टीम को सूचना मिली थी कि सीमा पार से तस्करी करने वाला एक व्यक्ति स्थानीय युवाओं के माध्यम से हथियारों और विस्फोटकों की खेप भेज रहा है। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जांच के दौरान इस समूह को हिरासत में लिया। आरोपियों के कब्जे से एक जिंदा हैंड ग्रेनेड और एक .30 बोर पिस्तौल सहित 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

अमृतसर ग्रामीण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कंवलप्रीत सिंह चहल ने बताया कि आरोपी अजय नशे का आदी है और एक आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत चार मामले तथा शस्त्र अधिनियम के तहत एक मामला दर्ज है।

इस संबंध में दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। एफआईआर नंबर 204, दिनांक 19 अक्टूबर, 2026, एनडीपीएस अधिनियम की धाराओं 21 और 25 के तहत थाना चाटीविंड में दर्ज की गई है। वहीं, एफआईआर नंबर 334, दिनांक 20 अक्टूबर, 2026, शस्त्र अधिनियम की धारा 25 तथा विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धाराओं 3, 4 और 5 के तहत थाना लोपोके में दर्ज की गई है।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.