Type Here to Get Search Results !

डॉ. बलबीर सिंह ने छह नवनियुक्त खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को सौंपे नियुक्ति पत्र

 

चंडीगढ़: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की सोच के अनुरूप राज्यभर में खाद्य सुरक्षा नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने आज यहां अपने कार्यालय में खाद्य सुरक्षा विभाग में नवनियुक्त छह खाद्य सुरक्षा अधिकारियों (एफएसओ) को नियुक्ति पत्र सौंपे।

नवनियुक्त अधिकारियों में अनीश पाल सिंह, शिवाली बावा, गुरलीन कौर, ईशा रानी, प्रियंका और शुभम शर्मा शामिल हैं।

नवनियुक्त अधिकारियों को बधाई देते हुए डॉ. बलबीर सिंह ने उन्हें अपनी जिम्मेदारियां पूरी लगन और निष्ठा से निभाने तथा जनस्वास्थ्य की रक्षा के लिए पेशेवर दृष्टिकोण और प्रतिबद्धता के साथ अथक प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक के लिए सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन सुनिश्चित करना मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की प्रमुख प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से लोगों के स्वास्थ्य की रक्षा के लिए पूरी ईमानदारी, जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इन अधिकारियों की नियुक्ति से खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्यक्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी तथा राज्यभर में जमीनी स्तर पर निगरानी और खाद्य सुरक्षा नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि नवनियुक्त अधिकारी खाद्य सुरक्षा नियमों को सख्ती और प्रभावी ढंग से लागू करना सुनिश्चित करेंगे। इसके साथ ही वे खाद्य पदार्थों से संबंधित प्रतिष्ठानों की नियमित जांच करेंगे, खाद्य वस्तुओं के नमूने लेने तथा उनकी जांच की प्रक्रिया को सुचारू बनाएंगे और खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध तत्काल एवं कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।

डॉ. बलबीर सिंह ने आगे बताया कि लागू खाद्य सुरक्षा कानूनों और नियमों के तहत इन खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को विभागीय आवश्यकताओं के अनुसार राज्यभर में रणनीतिक रूप से तैनात किया जाएगा।

नवनियुक्त अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने उन्हें अपनी आधिकारिक जिम्मेदारियों का पूरी लगन और समर्पण के साथ निर्वहन करने के लिए कहा, ताकि राज्यभर के उपभोक्ताओं को मिलावट रहित, स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाना सुनिश्चित किया जा सके।

इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव कुमार राहुल, स्वास्थ्य सेवाओं की निदेशक डॉ. हितिंदर कौर, स्वास्थ्य सेवाएं (परिवार कल्याण) की निदेशक डॉ. अदिति सलारिया और संयुक्त आयुक्त खाद्य सुरक्षा डॉ. अमित जोशी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.