Punjab Weather Update: इस स्वतंत्रता दिवस पर पंजाब और चंडीगढ़ में बारिश होने की संभावना है। चंडीगढ़ स्थित मौसम केंद्र के अनुसार, 14 से 18 अगस्त के बीच कई जगहों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। हालांकि, आज (13 अगस्त) के लिए बारिश की कोई चेतावनी नहीं है, फिर भी सभी जिलों में बारिश की संभावना बनी हुई है।
पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर और पटियाला में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि अन्य जगहों पर छिटपुट बारिश हो सकती है। बुधवार को बारिश न होने के कारण राज्य के तापमान में 4.6 डिग्री की बढ़ोतरी हुई, जिससे यह सामान्य स्तर के करीब पहुंच गया; भाखड़ा बांध पर तापमान 37.4 डिग्री दर्ज किया गया।
एक ही दिन में पठानकोट में तापमान 9.8 डिग्री और चंडीगढ़ में 7 डिग्री बढ़ गया। इस बीच, पंजाब में इस मानसून सीजन में अब तक 195.1 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 32 प्रतिशत कम है।
बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र और मजबूत हो रहा है। इसके अगले 12 घंटों में डिप्रेशन (कम दबाव का क्षेत्र) में बदलने की संभावना है। इसके बाद, यह उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ेगा, जिससे पंजाब और चंडीगढ़ के मौसम पर असर पड़ सकता है। इस बीच, दक्षिण हरियाणा के ऊपर एक और मौसम प्रणाली सक्रिय है और एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (पश्चिमी विक्षोभ) भी बन रहा है।
इन प्रणालियों से पंजाब और चंडीगढ़ के मौसम में बदलाव आने की उम्मीद है। जहां अभी कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है, वहीं 14 से 18 अगस्त के बीच बारिश की गतिविधि तेज होने की संभावना है। इस दौरान पंजाब के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है और कुछ जगहों पर भारी बारिश भी हो सकती है।

