Type Here to Get Search Results !

कांग्रेस को मिल रहे भारी समर्थन से ‘आप’, अकाली दल और भाजपा घबराए , ‘हर बूथ, कांग्रेस मजबूत’ कार्यक्रम में बोले भूपेश बघेल ने

 

‘हर बूथ, कांग्रेस मजबूत’ – रोपड़
* कांग्रेस मजबूत हो रही है तो भाजपा और अकाली गठजोड़ की कोशिश में: बघेल
* कांग्रेस को मिल रहे भारी समर्थन से ‘आप’, अकाली दल और भाजपा घबराए: बघेल
* पार्टी कहेगी तो भगवंत मान के खिलाफ चुनाव लड़ना पसंद करूंगा: वड़िंग
* कांग्रेस को जीतने से कोई ताकत नहीं रोक सकती: राणा के.पी.

नंगल (रूपनगर): पंजाब कांग्रेस प्रभारी और कांग्रेस महासचिव भूपेश बघेल ने आज कहा कि पंजाब में कांग्रेस को मिल रहे भारी समर्थन से भाजपा घबरा गई है। इसी वजह से भाजपा ने राज्य में संभावित गठजोड़ के लिए शिरोमणि अकाली दल से बातचीत शुरू कर दी है।

यहां आयोजित ‘हर बूथ, कांग्रेस मजबूत’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बघेल ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पंजाब दौरे के दौरान कहा था कि भाजपा चुनाव अपने दम पर लड़ेगी और किसी पार्टी के साथ गठजोड़ नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि लेकिन कांग्रेस को मिल रहे भारी समर्थन को देखकर भाजपा घबरा गई है और अब अकाली दल के साथ बातचीत कर रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के बीच आज हुई मुलाकात का जिक्र करते हुए बघेल ने कहा कि अब तक भाजपा अकाली दल से दूरी बनाकर चल रही थी, लेकिन अब उसे हालात का अहसास हो गया है और वह गठजोड़ का रास्ता तलाशती नजर आ रही है।

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि सिर्फ भाजपा और अकाली दल ही नहीं, बल्कि आम आदमी पार्टी भी घबराई हुई है। उन्होंने कहा कि ‘आप’ को पता चल गया है कि पंजाब में उसकी सरकार जाने वाली है, क्योंकि लोग मौजूदा सरकार से पूरी तरह निराश हो चुके हैं।

उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग अकाली-भाजपा गठजोड़ और ‘आप’ सरकार को आजमा चुके हैं। अब उन्हें समझ आ गया है कि पंजाब में स्थिर और लोगों के हित में काम करने वाली सरकार सिर्फ कांग्रेस ही दे सकती है।

इस मौके पर पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि अगर पार्टी इजाजत दे तो वह मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ चुनाव लड़ना पसंद करेंगे। उन्होंने कहा कि वह भगवंत मान को पंजाब के जमीनी हालात का एहसास कराएंगे।

वड़िंग ने आरोप लगाया कि पंजाब का पैसा ‘आप’ सरकार की ओर से गुजरात और गोवा के चुनावों में खर्च किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह पंजाब के लोगों की मेहनत की कमाई है, जिसे गोवा और गुजरात जैसे दूर के राज्यों में विज्ञापनों पर खर्च किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसे तुरंत रोका जाना चाहिए।

उन्होंने दावा किया कि भगवंत मान सरकार ने पंजाब पर कुल कर्ज 4.5 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा कर दिया है और इसमें से कोई पैसा पंजाब के विकास पर खर्च नहीं हो रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पैसा दिल्ली, गोवा और गुजरात जा रहा है। वड़िंग ने कहा, “हम ‘आप’ को पंजाब के पैसे से गुजरात और गोवा के चुनाव नहीं लड़ने देंगे।”

इस मौके पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पंजाब विधानसभा के पूर्व स्पीकर राणा के.पी. सिंह ने कहा कि अब सब कुछ साफ है और कांग्रेस की सरकार बनने वाली है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को जीतने से दुनिया की कोई ताकत नहीं रोक सकती।

इस मौके पर रवि दलवी, सूरज ठाकुर, सुखमिंदर डैनी, बलबीर सिंह सिद्धू समेत कई अन्य कांग्रेस नेता भी मौजूद थे।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.