Type Here to Get Search Results !

Punjab Accident: फिरोजपुर में पिकअप और ट्राले के बीच टक्कर, 9 लोगों की मौत

 

Punjab Accident
Punjab Accident: फिरोजपुर में पिकअप और ट्राले के बीच टक्कर, 9 लोगों की मौत
  • 15 से ज़्यादा लोग घायल, कई की हालत गंभीर

Punjab Accident, (आज समाज), चंडीगढ़: पंजाब के फिरोजपुर में शनिवार को महिंद्रा पिकअप और ट्राले के बीच टक्कर के कारण 9 लोगों की मौत हो गई और 15 से ज़्यादा लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि फ़िरोज़पुर-फ़ाज़िल्का रोड पर जंगा वाला मोड़ के पास यह हादसा हुआ। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई गई है।

अस्थियां विसर्जित करने जा रहे थे हताहत 

शुरुआती जानकारी के मुताबिक पिकअप में सवार लोग अपने किसी परिजन की अस्थियां विसर्जित करने जा रहे थे। इस बीच जंगा वाले मोड़ के पास सामने से आ रहे घोड़ा ट्राला के साथ पिकअप की जोरदार भिड़ंत हो गई। मौके पर मौजूद चश्मदीदों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार कई लोग अंदर ही फंस गए।

पिकअप में करीब 30 लोग सवार थे

पिकअप में करीब 30 लोग सवार थे। अंशप्रीत के मुताबिक परिवार सुबह लगभग साढ़े तीन बजे घर से निकला था। इसके बाद रास्ते में वाहन में उन्होंने पेट्रोल डलवाया और इसके बाद वह जैसे ही जगां वाला मोड़ के निकट पहुंचे तो सड़क के बीच खड़े ट्राले से उनकी पिकअप की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। टक्कर के चलते गाड़ी पलट गई। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने राहत एवं बचाव का काम शुरू किया और घायलों को वाहन से बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस और अन्य साधनों से सभी को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।

कुछ लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया

सूत्रों के मुताबिक कुछ लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि कई अन्य गंभीर तौर पर जख्मी हैं। अस्पताल में घायलों के पहुंचते ही डॉक्टरों की टीम ने तुरंत इलाज शुरू किया। अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी निखिल गुप्ता के अनुसार कई लोगों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया गया है। वहीं अन्य घायल् सिविल अस्पताल में भर्ती हैं।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.