Type Here to Get Search Results !

Dharmendra Pradhan के जन्मदिन पर PM मोदी ने दी बधाई, NEP पर काम को सराहा

 

Dharmendra Pradhan’s Birthday: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं और राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के क्रियान्वयन की दिशा में उनके सराहनीय प्रयासों की प्रशंसा की। ओडिशा के संबलपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद धर्मेंद्र प्रधान शुक्रवार को 57 वर्ष के हो गए।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, केंद्रीय मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। वह राष्ट्रीय शिक्षा नीति के क्रियान्वयन की दिशा में सराहनीय प्रयास कर रहे हैं जिसका उद्देश्य भारत को ज्ञान, शिक्षा और नवाचार का वैश्विक केंद्र बनाना है। मैं उनके दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूं।
प्रधानमंत्री द्वारा धर्मेंद्र प्रधान की यह प्रशंसा ऐसे समय आई है जब दो दिन पहले ही उन्होंने केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा नीट-यूजी चिकित्सा प्रवेश परीक्षा की पुनर्परीक्षा के सफल आयोजन की भी सराहना की थी। एनटीए, केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के अधीन कार्य करती है जिसकी जिम्मेदारी धर्मेंद्र प्रधान के पास है।

इससे पहले राष्ट्रीय पात्रता सह-प्रवेश परीक्षा (नीट-स्नातक) के प्रश्नपत्र लीक होने के आरोपों को लेकर विपक्ष और अन्य पक्षों ने एनटीए तथा धर्मेंद्र प्रधान की आलोचना की थी। नीट-यूजी परीक्षा पहले तीन मई को आयोजित की गई थी लेकिन कथित प्रश्नपत्र लीक के कारण उसे रद्द कर दिया गया। इसके बाद पुनर्परीक्षा 21 जून को आयोजित की गई।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री के रूप में धर्मेंद्र प्रधान राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के प्रभावी क्रियान्वयन का नेतृत्व कर रहे हैं। प्रधान जुलाई 2021 से केंद्रीय शिक्षा मंत्री हैं। इससे पहले मोदी सरकार में वह पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस तथा इस्पात मंत्रालय जैसे महत्वपूर्ण विभागों का दायित्व भी संभाल चुके हैं।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.