पंजाब डैस्क : पंजाबी फिल्मों के मशहूर कॉमेडियन बीएन शर्मा एक नए विवाद में घिरते नजर आ रहे हैं। जानकारी के अनुसार अमृतसर में बाल्मिकी समुदाय के लोगों ने बीएन शर्मा और उनकी पत्नी के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दोनों ने भगवान बाल्मिकी जी को लेकर आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया, जिससे समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
मामले को लेकर बाल्मिकी समाज के लोगों में भारी रोष देखने को मिल रहा है। समुदाय के प्रतिनिधियों ने अमृतसर पुलिस कमिश्नरेट पहुंचकर लिखित शिकायत सौंपी और मांग की कि मामले की गंभीरता से जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कथित बयान कब और किस संदर्भ में दिया गया था।
