Type Here to Get Search Results !

पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा 2010 के बाद बोर्ड परीक्षाओं में असफल रहे विद्यार्थियों को विशेष अवसर प्रदान करने के लिए पंजीकरण शुरू

 

योग्य उम्मीदवार 25 मई, 2026 तक बोर्ड की वेबसाइट पर आवेदन कर सकते हैं: हरजोत सिंह बैंस

चंडीगढ:राज्य के हजारों विद्यार्थियों को बड़ी राहत देते हुए पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (पीऐसईबी) ने उन विद्यार्थियों के लिए, जो पिछले 16 वर्षों में अपनी 10वीं या 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं पास नहीं कर सके, विशेष अवसर (स्पेशल मर्सी चांस) प्रदान करने हेतु ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी है। योग्य उम्मीदवार 25 मई, 2026 तक पीऐसईबी की वेबसाइट पर आवेदन कर सकते हैं।

 

इस संबंध में जानकारी साझा करते हुए पंजाब के शिक्षा मंत्री श्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि यह कदम श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें शहीदी पर्व को समर्पित है। इस पहल का उद्देश्य उन विद्यार्थियों को अपनी स्कूली शिक्षा पूरी करने और करियर बनाने का एक नया अवसर देना है, जो वर्ष 2010 से 2025 के बीच अपनी 10वीं या 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं पास नहीं कर सके।

 

योग्यता मानदंडों के बारे में जानकारी देते हुए श्री बैंस ने बताया कि यह विशेष अवसर उन उम्मीदवारों को दिया जा रहा है जिन्होंने मार्च 2010 से मार्च 2025 के बीच 10वीं या 12वीं कक्षा की परीक्षा दी थी और जिनके री-अपीयर या कंपार्टमेंट के सभी अवसर समाप्त हो चुके हैं, या जो अपनी शैक्षणिक प्रदर्शन में सुधार करना चाहते हैं। इसमें वे उम्मीदवार भी शामिल हैं जिन्होंने मार्च 2010 से मार्च 2026 के बीच परीक्षा दी थी और असफल रहे थे, बशर्ते उन्होंने कम से कम एक मुख्य विषय पास किया हो। यह अवसर 10वीं और 12वीं कक्षा की ओपन स्कूल स्ट्रीम के विद्यार्थियों के लिए भी उपलब्ध है।

 

उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आवेदन फॉर्म और विस्तृत दिशा-निर्देश पीऐसईबी की आधिकारिक वेबसाइट www.pseb.ac.in पर उपलब्ध हैं।

 

श्री बैंस ने कहा कि यह स्पेशल मर्सी चांस उन विद्यार्थियों के लिए एक सुनहरा अवसर साबित होगा जो अपनी अधूरी शिक्षा को पूरा करना और अपने भविष्य को नई दिशा देना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पंजाब के हजारों युवाओं के लिए उम्मीद के नए रास्ते खोल रही है।

——-

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.