Type Here to Get Search Results !

फाजिल्का में सीमा पार से तस्करी की कोशिश नाकाम; 6.5 किलोग्राम हेरोइन बरामद

 

— जांच से पता चला है कि भारत के क्षेत्र में नशीले पदार्थ भेजने के लिए पाकिस्तान-आधारित तस्कर जीरो लाइन पार करके सीमा पर लगी बाड़ के पास पहुंचे: डीजीपी गौरव यादव

 

— बीएसएफ की तैनात फौजों द्वारा तुरंत जवाबी कार्रवाई, तस्करों की कोशिश को सफलतापूर्वक किया नाकाम: एआईजी सीआई गुरसेवक सिंह

 

चंडीगढ़/फिरोजपुर:मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों के अनुसार पंजाब को नशा मुक्त राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान एक बड़ी सफलता में काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) फिरोजपुर ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के साथ समन्वय करके बॉर्डर आउटपोस्ट (बीओपी) जीजी-2, गांव महतम नगर, फाजिल्का के पास से 6.5 किलोग्राम हेरोइन बरामद करके सीमा पार से तस्करी की एक बड़ी कोशिश को नाकाम किया है। यह जानकारी आज यहां डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने दी।

 

डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि पाकिस्तान आधारित तस्कर जीरो लाइन पार करके सीमा पर लगी कंटीली बाड़ के पास पहुंच गए और अंधेरे का फायदा उठाकर उन्होंने भारत के क्षेत्र में नशीले पदार्थ भेजने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि इस घुसपैठ को रोकने के लिए सतर्क बीएसएफ के जवानों ने कई राउंड गोलियां चलाईं, जिसके बाद विस्तृत संयुक्त तलाशी अभियान चलाया गया और इन नशीले पदार्थों की बरामदगी की गई।

 

एआईजी सीआई फिरोजपुर गुरसेवक सिंह ने बताया कि विश्वसनीय सूचनाओं पर कार्रवाई करते हुए, पुलिस टीमों ने बीएसएफ फाजिल्का के साथ मिलकर शनिवार सुबह विशेष घात लगाकर हमला करने की योजना बनाई और गांव महतम नगर, फाजिल्का, जहां से पाकिस्तानी तस्कर खेप को आगे पहुंचाने की कोशिश कर रहे थे, के क्षेत्र में संयुक्त गुप्त ऑपरेशन चलाया। उन्होंने कहा कि बीएसएफ में तैनात जवानों ने जवाबी कार्रवाई में तुरंत इस कोशिश को नाकाम कर दिया और इस ऑपरेशन के नतीजे के तौर पर मौके से बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थों की बरामदगी हुई।

 

एआईजी ने कहा कि समग्र नेटवर्क का पर्दाफाश करने और स्थानीय तस्कर का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।

 

इस संबंध में थाना एसएसओसी फाजिल्का में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21-सी और 29 के तहत एफआईआर नंबर 07 दिनांक 21-03-2026 दर्ज की गई है।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.