Type Here to Get Search Results !

प्रधानमंत्री जी पंजाबियों को ‘लारे’ नहीं, उनका बनता ‘हक’ और रुके हुए फंड देकर जाएं: नील गर्ग

 

चंडीगढ़:आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के सीनियर नेता नील गर्ग ने पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ और केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा निशाना साधा है। गर्ग ने कहा कि सुनील जाखड़ अक्सर दावा करते हैं कि प्रधानमंत्री के दिल में पंजाबियों के लिए खास जगह है, लेकिन हकीकत में यह ‘प्यार’ सिर्फ खोखले शब्दों तक सीमित है।

उन्होंने सवाल किया कि अगर सचमुच पंजाब के प्रति प्यार है, तो केंद्र सरकार पिछले कई सालों से रोका हुआ पंजाब के हक का 8000 करोड़ रुपए का रूरल डेवलपमेंट फंड और अन्य केंद्रीय फंड तुरंत जारी क्यों नहीं करती?

नील गर्ग ने कहा कि 5-6 साल पहले भी प्रधानमंत्री ने पंजाब को आर्थिक पैकेज देने का राग अलापा था, लेकिन वह पैकेज आज तक कहीं नजर नहीं आया। उन्होंने कहा कि सुनील जाखड़ जी, पंजाब के लोग अब लिफाफेबाजी से अक चुके हैं। कल प्रधानमंत्री पंजाब आ रहे हैं, यह उनके पास अपनी गलती सुधारने का अच्छा मौका है। नए पैकेजों का ऐलान करने से पहले, कम से कम वह पैसा तो वापस करवाओ जो पंजाब का अपना हक है और जिसे केंद्र ने नाजायज रोक कर रखा हुआ है।

केंद्र की दोहरी नीति पर सवाल उठाते हुए गर्ग ने कहा कि केंद्र सरकार ने हमारे पड़ोसी राज्यों को औद्योगिक विकास के लिए विशेष पैकेज दिए हैं, लेकिन पंजाब के साथ हमेशा सौतेली मां वाला सलूक किया जाता है। जबकि आज मुख्यमंत्री भगवंत मान की अगुवाई वाली आप सरकार दिन-रात मेहनत करके पंजाब में बड़ी इंडस्ट्री लेकर आ रही है और प्रदेश को विकास की पटरी पर डाल रही है। ऐसे समय में केंद्र का अड़ियल रवैया पंजाब के विकास में रोड़ा बन रहा है।

नील गर्ग ने सुनील जाखड़ से सवाल किया कि वह पंजाब के हकों की लड़ाई लड़ने की बजाय केंद्र की लोक-विरोधी नीतियों का बचाव क्यों कर रहे हैं? उन्होंने कहा कि अगर भाजपा लीडरशिप सचमुच पंजाब का भला चाहती है, तो कल प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान पंजाब के रोके हुए सारे फंड रिलीज करवाएं। पंजाब को भीख नहीं, अपना हक चाहिए।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.