Type Here to Get Search Results !

भाजपा ने आतिशी का वीडियो तोड़-मरोड़कर सिख भावनाओं को ठेस पहुंचाई: आप सांसद कंग


चंडीगढ़:आम आदमी पार्टी के पंजाब से सांसद मलविंदर सिंह कंग ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने दिल्ली की नेता विपक्ष आतिशी के भाषण के वीडियो को तोड़-मरोड़कर पेश किया है और इसके जरिए सिख भावनाओं को जानबूझकर ठेस पहुंचाने की कोशिश की गई है। उन्होंने कहा कि फोरेंसिक रिपोर्ट में भी यह साबित हो चुका है कि वीडियो के साथ छेड़छाड़ की गई है।

सांसद मालविंदर कंग ने कहा कि फोरेंसिक रिपोर्ट में यह साफ हो गया है कि वीडियो के साथ छेड़छाड़ की गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा का यह पुराना इतिहास रहा है। पिछले कई सालों से हम देखते आ रहे हैं कि भाजपा समय-समय पर सिख भावनाओं का अपमान करती रही है। उन्होंने याद दिलाया कि भाजपा ने पहले भी गुरु साहिबान का कार्टून बनाया था।

आप सांसद ने कहा कि आतिशी ने पहले ही अपना स्पष्टीकरण दे दिया था कि उनकी ऐसी कोई भावना नहीं थी। उनके भाषण को तोड़ा गया, अलग-अलग तरीके से छेड़छाड़ की गई और कहीं की बात कहीं जोड़ दी गई।

कंग ने भाजपा नेता कपिल मिश्रा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उनके आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से यह वीडियो वायरल किया गया, जो उनकी मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इसी कारण कपिल मिश्रा के खिलाफ कार्रवाई भी हो रही है।

मालविंदर कंग ने कहा कि पंजाब में इसको लेकर भारी रोष है और लोग भाजपा के खिलाफ शिकायतें दर्ज करा रहे हैं। जालंधर में भी शिकायत दर्ज हुई है और जालंधर पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

आप सांसद ने तीखे शब्दों में कहा कि एक तो चोरी ऊपर से सीनाजोरी। पहले तो अपनी घटिया राजनीति के लिए सिख गुरु साहिबान के बारे में गलत वीडियो तैयार करके पेश करते हो और फिर कानूनी कार्रवाई होने पर धौंस दे रहे हो।

उन्होंने कहा कि किसी को भी यह अधिकार नहीं है कि अपनी राजनीतिक स्वार्थ के लिए गुरु साहिबान के प्रति टिप्पणियों को तोड़-मरोड़ कर पेश करे और अपनी वोट बैंक की घटिया राजनीति करे।

कंग ने दिल्ली विधानसभा स्पीकर से भी अपील करते हुए कहा कि उन्हें इस मामले पर पुनर्विचार करना चाहिए और इस तरह की हल्की और घटिया राजनीति नहीं होनी चाहिए।


 

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.